इजरायली हमले में हमास का एक और कमांडर ढेर, नईम अबू नाहल की मौत; नेतन्याहू बोले- कोई आतंकी नहीं बचेगा
गाजा में युद्धविराम के बावजूद इजरायली हमले जारी हैं, जिसमें हमास के आंतरिक सुरक्षा निदेशक नईम अबू नाहेल सहित सात लोग मारे गए।
-1795540026884_m.webp)
नेतन्याहू बोले- कोई आतंकी नहीं बचेगा (प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, फाइल फोटो)
HighLights
गाजा में इजरायली हमले में हमास सुरक्षा प्रमुख की मौत
नईम अबू नाहेल गाजा के आंतरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक थे
तेल अवीव-दुबई फ्लाईदुबई सेवा सुरक्षा मंजूरी के बाद फिर शुरू
डिजिटल डेस्क, यरुशलम। युद्धविराम के बावजूद गाजा में इजरायली सेना के हमले जारी हैं। मंगलवार को हुए हवाई हमले में हमास की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े उच्च अधिकारी समेत सात लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं। हमले में मारे गए नईम अबू नाहेल गाजा के आंतरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक थे। गाजा सिटी पर हुए हमले में नाहेल मारे गए।
इजरायल की सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने संयुक्त बयान में कहा है कि गाजा में की गई कार्रवाई में एक वरिष्ठ हमास कमांडर को मारा गया है लेकिन मृतक के नाम का उल्लेख नहीं किया गया है। जबकि खान यूनिस शहर के पुलिस पोस्ट पर इजरायली हमले में दो पुलिस अधिकारी और एक अन्य मारे गए हैं।
तीन अन्य लोग नेतजरीम इलाके में मारे गए हैं। अक्टूबर 2025 में अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के बाद से गाजा पर इजरायली हमले जारी हैं और पिछले कुछ महीनों से इनकी आवृत्ति बढ़ गई है।
इजरायल ने कहा है कि ये कार्रवाई इसलिए हो रही हैं क्योंकि हमास एक बार फिर संगठित होने और हथियारों का जखीरा बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। युद्धविराम के बाद की इजरायली कार्रवाइयों में 1,600 लोगों से ज्यादा मारे गए हैं।
तेल अवीव के लिए फिर शुरू होगी फ्लाईदुबई की सेवा
तेल अवीव से दुबई के बीच की फ्लाईदुबई की हवाई सेवा फिर से शुरू हो सकेगी। सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों की अनापत्ति के बाद इजरायल के परिवहन मंत्री मीरी रागेव ने इसके लिए अनुमति दे दी है।
गत 30 सितंबर को फ्लाईदुबई के तेल अवीव आ रहे विमान को उसी के को-पायलट हमाम अल-हमामी द्वारा क्रैश कराने की कोशिश के बाद इजरायल ने विमान सेवा पर रोक लगा दी थी।
यह विमान भारतीय मूल के पायलट स्मित मच्छर के जी-जान से प्रयास से दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा था। 174 लोगों को लेकर आ रहा यह विमान बाद में सऊदी अरब में उतारा गया था।
नेतन्याह ने हमले की पुष्टि की
नेतन्याह ने भी इस हमले की पुष्टि की। एक एक्स पोस्ट में नेतन्याहू ने लिखा, 'IDF ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख नईम अबू नहाल को खत्म कर दिया। इससे पहले तीन महीने पहले एक अभियान में हमारी सेनाओं ने उसके पूर्ववर्ती को पकड़ लिया था।
हम हमारी सरकार की आक्रामक नीति को लागू करने के लिए IDF और शिन बेट की सराहना करते हैं। कोई भी आतंकवादी इजरायल राज्य की लंबी पहुंच से बच नहीं पाएगा।
विपक्षी नेताओं को जल्द आइसेनकोट के पीएम बनने की उम्मीद
इजरायल में सत्ता के लिए चल रही जोड़तोड़ के बीच विपक्ष के नेता याइर गोलान ने एक बार फिर मध्यमार्गी गठबंधन और अरब पार्टियों के गठजोड़ से सरकार गठित होने की उम्मीद जताई है। कहा, प्रधानमंत्री नेतन्याहू को हटाने का अभियान कल (बुधवार को) भी पूरा हो सकता है और विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइसेनकोट नए प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी गठबंधन को बहुमत नहीं मिला है। लेकिन आइसेनकोट को अरब पार्टियों का समर्थन मिलने से वह बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गए हैं और राष्ट्रपति आइजक हरजोग ने उन्हें सरकार बनान के लिए आमंत्रित कर लिया है।
लेकिन आइसेनकोट अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने से हिचक रहे हैं और अब नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने पर विचार कर रहे हैं लेकिन इसके लिए उनके मध्यमार्गी गठबंधन में मतभेद हैं। इस बीच चुनाव में विदेशी दखल मामले की जांच कर रही एजेंसी शिन बेट के निदेशक के साथ आइसेनकोट ने वार्ता की है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।