हमास की पूर्ण घेराबंदी: गाजा पर नियंत्रण बढ़ाएगा इजरायल, नेतन्याहू की 70 फीसदी क्षेत्र पर कब्जा करने की योजना
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायल रक्षा बलों को गाजा पट्टी पर अपना नियंत्रण बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस ...और पढ़ें

नेतन्याहू की गाजा पर 70 फीसदी क्षेत्र पर कब्जे करने की योजना (फोटो- एएनआई)
HighLights
नेतन्याहू ने कहा कि हम अब गाजा पट्टी के 60 फीसदी क्षेत्र में मौजूद हैं
20 लाख फलस्तीनी घिरे हुए क्षेत्र के एक छोटे से इलाके में सिमट जाएंगे
एएनआई, यरुशलम। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायल रक्षा बलों को गाजा पट्टी पर अपना नियंत्रण बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस आदेश के तहत इजरायली सेना गाजा के लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा करेगी।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक सम्मेलन के दौरान साक्षात्कार में यह टिप्पणी की। इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि इजरायल हमास पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है और वर्तमान में गाजा के लगभग 60 फीसदी हिस्से पर उसका नियंत्रण है।
उन्होंने कहा कि हम अब गाजा पट्टी के 60 फीसदी क्षेत्र में मौजूद हैं। हम पहले 50 फीसदी पर थे। हम 60 फीसदी तक पहुंच गए हैं। मेरा निर्देश है कि हम धीरे-धीरे आगे बढ़ें और सबसे पहले 70 फीसदी तक पहुंचें। उन्होंने आगे कहा कि सेना धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी।
उनकी ये टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पहले की रिपोर्टों में बताया गया था कि इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने सहायता एजेंसियों को ऐसे नक्शे जारी कर दिए हैं जिनमें गाजा के लगभग 64 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण दिखाया गया है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, नियंत्रण को और बढ़ाने से लगभग 20 लाख फलस्तीनी घिरे हुए क्षेत्र के एक छोटे से इलाके में सिमट जाएंगे।
अक्टूबर 2025 में इजरायल और हमास के बीच हुए कथित युद्धविराम समझौते के तहत, इजरायली सेना पीली रेखा के नाम से जानी जाने वाली सीमा रेखा तक पीछे हट गई थी, जिससे गाजा के लगभग 53 प्रतिशत हिस्से पर उनका नियंत्रण बना रहा। हालांकि, हमास ने इजरायल पर सीमा रेखा को स्थानांतरित करने का आरोप लगाते हुए इसे समझौते का उल्लंघन और जमीनी स्तर पर नए तथ्य थोपने का प्रयास बताया है।
