विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेतन्याहू से नजदीकी ने बिगाड़ा खेल: आइसेनकोट से दूर हटे डेमोक्रेट, पीएम की कुर्सी पर रार 

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:10 PM (IST)

इजरायल में नई सरकार बनाने के लिए मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट अब नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन संग सरकार बनाने को तैयार हैं। 

आइसेनकोट नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन संग सरकार बनाने को तैयार (फाइल फोटो)

आइसेनकोट नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन संग सरकार बनाने को तैयार (फाइल फोटो)

HighLights

  1. आइसेनकोट नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन संग सरकार बनाने को तैयार

  2. डेमोक्रेटिक पार्टी ने आइसेनकोट से बातचीत बंद करने का एलान किया

  3. इजरायल में सरकार गठन की प्रक्रिया जटिल, बहुमत का अभाव

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में नई सरकार बनाने के लिए कोई तैयार नहीं दिख रहा है। मध्यमार्गी गठबंधन के नेता और मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट अरब पार्टियों के साथ अब सरकार बनाना नहीं चाहते हैं, वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन संग सरकार बनाने को तैयार हैं लेकिन प्रधानमंत्री खुद बनना चाहते हैं।

इस बीच मध्यमार्गी गठबंधन में शामिल वामपंथी डेमोक्रेटिक पार्टी ने आइसेनकोट से दूर हटने और नई सरकार के गठन के सिलसिले में उनसे बातचीत बंद करने का एलान किया है। इजरायल में गत 27 अक्टूबर को संसदीय चुनाव हुए थे जिसमें किसी भी गठबंधन को संसद नीसेट में 61 सदस्यों का बहुमत नहीं मिला।

आइसेनकोट नेतन्याहू संग सरकार बनाने को तैयार

प्रधानमंत्री नेतन्याहू के खिलाफ चुनाव लड़े मध्यमार्गी गठबंधन और अरब पार्टियों ने साथ आकर सरकार बनाने का फैसला किया था लेकिन सहमति के कुछ रोज बाद ही मध्यमार्गी गठबंधन के नेता आइसेनकोट और उनके कुछ सहयोगी दल इस नए गठजोड़ से पीछे हट गए।

इसके बाद नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया गया लेकिन नेतन्याहू प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। वैसे उनकी लिकुड पार्टी रोटेशन से आइसेनकोट को प्रधानमंत्री पद देने के लिए तैयार है।

इजरायली व्यवस्था के अनुसार राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत प्रधानमंत्री आइसेनकोट छह दिसंबर तक सरकार गठित कर सकते हैं। अगर वह चाहेंगे तो सरकार गठन के लिए उन्हें 14 दिन का समय और मिल सकता है।

इजरायल में सरकार गठन की प्रक्रिया जटिल

सरकार बनाने के लिए आइसेनकोट के नेतन्याहू के करीब जाने से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता याइर गोलान ने निराशा जताई है और उनसे बातचीत बंद करने का एलान किया है।

इजरायल की 21 प्रतिशत अरब आबादी में प्रभाव रखने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी ने नेतन्याहू को सत्ता से दूर करने के नारे के साथ चुनाव लड़ा था लेकिन अब आइसेनकोट के बदले रुख से वह अचंभित है।

आइसेनकोट की याशर पार्टी ने कहा है कि दोबारा चुनाव से बचने के लिए इस समय लिकुड पार्टी और अति रूढ़िवादी पार्टी हारेदी के साथ सरकार गठन के लिए बात चल रही है। बड़े उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए इस गठजोड़ पर वार्ता चल रही है।

(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।