इराक पुनर्निर्माण के लिए निजी क्षेत्र पर निर्भर, 100 अरब डॉलर जुटाने की जरूरत
अंतरराष्ट्रीय संगठन के मुताबिक, करीब 26 लाख लोग विस्थापित हुए। सेटेलाइट चित्रों के हिसाब से करीब 26,000 घर ध्वस्त हो गए।
बगदाद, एएफपी। पिछले साल के अंत में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) पर जीत की घोषणा के बाद इराक में पुनर्निर्माण की तैयारी है। इसके लिए फंड जुटाने के मकसद से उसकी नजर निजी निवेश और दानकर्ताओं पर है। इराक को फंड जुटाने के लिए 12 से 14 फरवरी तक कुवैत में होने वाले पुनर्निर्माण सम्मेलन का इंतजार है।
आइएस के पनपने से लेकर उसके सफाये तक इराक मुश्किलों से घिरा रहा है। उसके कई क्षेत्र बर्बाद हो गए और लाखों लोग विस्थापित हो गए। अंतरराष्ट्रीय संगठन के मुताबिक, करीब 26 लाख लोग विस्थापित हुए। सेटेलाइट चित्रों के हिसाब से करीब 26,000 घर ध्वस्त हो गए। इनमें करीब 17,000 आइएस के गढ़ रहे मोसुल में हैं।
संसाधन संपन्न इराक को तेल, बिजली और निर्माण इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी क्षति पहुंची। इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी का कहना है कि इराक के पुनर्निर्माण के लिए 100 अरब डॉलर (करीब 642213 करोड़ रुपये) जुटाने की जरूरत होगी। पिछले महीने दावोस में वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम के सम्मेलन में उन्होंने कहा था कि इतनी बड़ी राशि हम बजट के जरिये नहीं जुटा सकते। इसलिए निवेश का सहारा लेना चाहते हैं।
कुवैत सम्मेलन में दुनिया भर की 2,000 कंपनियां और उद्योगपति हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का दूसरा दिन इराक के पुनर्निर्माण में निजी क्षेत्र की भूमिका को समर्पित रहेगा।