ईरान: बिना हिजाब गाना पर महिला सिंगर को मिली 74 कोड़े की सजा, दो साल विदेश जाने पर लगा प्रतिबंध
ईरान में सख्त ड्रेस कोड और महिलाओं के सार्वजनिक गायन पर लगे प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामले में 29 वर्षीय प्रसिद्ध लोक गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा दी गई है।

बिना हिजाब गाना गाने पर ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
महिला सिंगर के साथ टीम के सदस्यों को भी पड़े 74 कोड़े
यह विवाद दिसंबर 2024 का है, एक ऐतिहासिक स्थल पर गाया था गाना
डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान में सख्त ड्रेस कोड और महिलाओं के सार्वजनिक गायन पर लगे प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामले में 29 वर्षीय प्रसिद्ध लोक गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा दी गई है।
उनके वकील मुस्तफा नीली ने पुष्टि की है कि सोमवार को कोम शहर के अभियोजक कार्यालय में इस सजा को अंजाम दिया गया। परस्तू के साथ उनकी कॉन्सर्ट टीम के चार अन्य पुरुष सदस्यों को भी 74-74 कोड़े मारे गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद दिसंबर 2024 का है, जब परस्तू अहमदी ने कोम के पास एक ऐतिहासिक स्थल पर बिना दर्शकों के एक वर्चुअल कॉन्सर्ट रिकॉर्ड किया था और इसे यूट्यूब पर लाइव-स्ट्रीम किया था।
इस वीडियो में परस्तू बिना हिजाब के एक लंबी काली स्लीवलेस ड्रेस पहनकर पुरुष संगीतकारों के साथ ईरानी देशभक्ति और लोक गीत गाती नजर आई थीं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे 30 लाख से ज्यादा बार देखा गया।
ईरानी प्रशासन ने इस प्रदर्शन को देश के कानूनी और धार्मिक मानदंडों के खिलाफ बताते हुए परस्तू और उनकी टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जून में कोम की एक आपराधिक अदालत ने उन्हें सार्वजनिक शालीनता भंग करने और अश्लील व अनैतिक सामग्री प्रकाशित करने का दोषी ठहराया था।
सितंबर में अपीलीय अदालत ने भी इस सजा को बरकरार रखा। कोड़ों की सजा के अलावा, इन सभी पर दो साल तक किसी भी संगीत या कलात्मक गतिविधि में शामिल होने और देश से बाहर जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
(सोर्स- रॉयटर)