'तुम्हारे सैनिकों को जला देंगे', ईरान की अमेरिका को चेतावनी; F-16 मार गिराने का दावा
पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष जारी है। इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला ...और पढ़ें

सैन्य संघर्ष की तीव्रता में एक महीने बाद भी कोई कमी नहीं आई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष की तीव्रता में एक महीने बाद भी कोई कमी नहीं आई है। रविवार को इजरायल ने दावा किया कि उसने तेहरान स्थित ईरान के महत्वपूर्ण सैन्य उत्पादन ढांचे पर रातभर कई सटीक हमले किए, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइलों के पुर्जे तैयार करने वाले संयंत्र, ड्रोन निर्माण इकाइयां, वायु रक्षा प्रणाली से जुड़े प्रतिष्ठान और मिसाइल भंडारण केंद्र शामिल थे।
इजरायली सेना के अनुसार निशाना बनाया गया संयंत्र ईरान में अपनी श्रेणी के केवल दो प्रमुख उत्पादन केंद्रों में से एक था, जहां से इजरायल की ओर दागी जाने वाली मिसाइलों के संचालन के लिए अहम पुर्जे तैयार होते थे। इधर, ईरान ने इन हमलों के जवाब में इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों की दिशा में मिसाइलों और ड्रोन की नई लहर छोड़ी।
वहीं एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने अमेरिका को जमीनी हमला करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि उसके सैनिक आग के हवाले कर दिए जाएंगे।
एफ-16 विमान को बनाया निशाना
ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-16 फाइटिंग फाल्कन और एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को निशाना बनाया। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने आधिकारिक रूप से इतना स्वीकार किया कि एक एफ-16 विमान को क्षति पहुंची, हालांकि उसे सुरक्षित सैन्य अड्डे पर उतार लिया गया। रॉयटर्स के अनुसार, इजरायल के सैन्य प्रवक्ता नादव शोशानी ने कहा कि आने वाले दिनों में ईरान के और भी सर्वोच्च प्राथमिकता वाले ठिकानों पर हमले किए जाएंगे।
लक्ष्य सूची को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइल प्रतिष्ठान, हथियार निर्माण केंद्र, परमाणु ढांचा और कमान-नियंत्रण केंद्र शामिल हैं। ईरान ने भी इजरायल के औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर भी जवाबी हमले तेज किए हैं। दक्षिणी इजरायल स्थित अदामा कंपनी, जो सक्रिय रासायनिक अवयवों और फसल सुरक्षा सामग्री का बड़ा उत्पादक केंद्र है, ने स्वीकार किया कि उसके मख्तेशम संयंत्र को मिसाइल या उसके मलबे से नुकसान पहुंचा है।
खाड़ी देशों पर हो रहे हमले
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, खाड़ी देशों में भी ईरान के हमलों का क्रम जारी रहा। कुवैत सेना ने बताया कि एक सैन्य शिविर पर हुए मिसाइल हमले में कई सैनिक घायल हुए, जबकि वायु रक्षा इकाइयों ने अतिरिक्त ड्रोन और मिसाइलों को रोका। रविवार को कुवैती नेशनल गार्ड ने चार ड्रोन मार गिराने का दावा भी किया।बहरीन ने तटीय सुरक्षा को देखते हुए शाम छह बजे से सुबह चार बजे तक मछली पकड़ने वाली नौकाओं, पर्यटक नौकाओं और अन्य समुद्री गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बहरीन में पहले से एल्यूमिनियम उद्योग और तटीय संरचनाओं पर हमलों की वजह से सुरक्षा अलर्ट उच्च स्तर पर है। एपी के अनुसार, ईरान ने कहा कि उसके दक्षिणी शहर शिराज पर चार बम हमले हुए हैं, जबकि फार्स प्रांत के अन्य हिस्सों में भी विस्फोट दर्ज किए गए। तेहरान में कतर के अल-अरबी टीवी के आवासीय परिसर के निकट हमले की भी निंदा की गई है। ईरानी रेड क्रेसेंट के अनुसार इस घटना में 10 लोग घायल हुए।
शैक्षणिक केंद्र निशाने पर
एएनआई के अनुसार, ईरान के शैक्षणिक संस्थानों पर हमले ने संघर्ष को नया संवेदनशील आयाम दिया है। तेहरान स्थित ईरान विश्वविद्यालय के बाद रविवार को इस्फहान की एक यूनिवर्सिटी के आसपास भी विस्फोट दर्ज किए गए। इसके बाद ईरान ने चेतावनी दी कि यदि उसके शैक्षणिक केंद्र निशाने पर रहे तो वह भी अमेरिकी-इजरायली शैक्षणिक प्रतिष्ठानों को वैध लक्ष्य मान सकता है।
बता दें कि कतर और यूएई में अमेरिका के जार्जटाउन, न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी और नार्थवेस्टर्न जैसे प्रतिष्ठित कालेजों के परिसर हैं। आईएएनएस के अनुसार, इस बीच इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्ला से जुड़े इस्लामिक हेल्थ कमेटी की एंबुलेंस पर हमला किया, जिसमें एक चिकित्साकर्मी और एक मरीज की मौत हो गई। क्षेत्रीय स्वास्थ्य सूत्रों के अनुसार युद्ध शुरू होने के बाद लेबनान में अब तक दर्जनों चिकित्सा कर्मी मारे जा चुके हैं।
मोजतबा ने दिया बयान
सऊदी अरब ने दावा किया कि उसने अपने हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ रहे 10 ड्रोन अवरोधित किए, जबकि स्थानीय मीडिया में प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास क्षतिग्रस्त अमेरिकी निगरानी विमान की उपग्रह तस्वीरें सामने आई हैं। हालांकि अमेरिकी सेंटकॉम ने इस पर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की है। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने समर्थन देने के लिए इराक के लोगों और धार्मिक नेतृत्व का आभार जताया है।
रॉयटर्स के अनुसार, ईरान के सरकारी मीडिया ने मोजतबा का ये बयान जारी किया। हालांकि, ये संदेश कैसे जारी किया गया, इसके बारे में कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, हिजबुल्ला के हमले में मारे गए इजरायली सैनिक को पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स पर एक संवेदना संदेश भी जारी किया।
