होर्मुज में फंसे जहाजों को देने पड़ेंगे 20 लाख डॉलर, तब ईरान से मिलेगी परमिशन; लागू हुआ नियम
अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों से 20 लाख डॉलर का ट्रांजिट शुल्क लेना शुरू ...और पढ़ें

होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को वहां से निकलने के लिए 20 लाख डॉलर का ट्रांजिट शुल्क चुकाने को कहा
HighLights
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ट्रांजिट शुल्क लागू किया।
फंसे जहाजों को 20 लाख डॉलर चुकाने होंगे।
ईरान इसे अपनी ताकत का प्रदर्शन बता रहा है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल के साथ बीते 24 दिनों से जारी सैन्य संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की पूरी पकड़ बनी हुई है। ईरान ने पिछले दिनों होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को वहां से निकलने के लिए 20 लाख डॉलर का ट्रांजिट शुल्क चुकाने को कहा था, जिसका पालन शुरू हो गया है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक्स पर लिखा कि होर्मुज जलमार्ग दुश्मनों को छोड़कर सभी के लिए खुला है। ईरान के सांसद अलादीन बोरूजर्दी ने सरकारी चैनल आईआरआईबी से बातचीत में कहा कि इस नीति को पहले ही लागू किया जा चुका है।
ईरान दिखा रहा अपनी ताकत
उन्होंने कहा कि कुछ जहाजों से 20 लाख डॉलर की ट्रांजिट फीस वसूलना जलडमरूमध्य में ईरान की ताकत को दर्शाता है। चूंकि, युद्ध काफी खर्चीला होता है, ऐसे में हमारे लिए ये शुल्क वसूलना जरूरी है। इसे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय ने दावा किया था कि होर्मुज जलमार्ग को बंद नहीं किया गया है और यहां से जहाजों का निकलना लगातार जारी है।
युद्ध के हालात को देखते हुए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। एक बयान में मंत्रालय ने कहा युद्ध के बीच ईरान अपने रुख पर कायम है। हम नौवहन की स्वतंत्रता और सामुद्रिक सुरक्षा का सदैव सम्मान करते हैं। इन सिद्धांतों का हम वर्षों से पालन कर रहे हैं।
पेजेशकियान ने बताया भ्रम
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने एक्स पर लिखा कि ईरान को नक्शे से मिटाने का भ्रम इस इतिहास रचनेवाले देश की दृढ़ इच्छाशक्ति के विरुद्ध दुश्मन की हताशा को दर्शाता है। धमकियां और आतंक हमारी एकता को केवल मजबूत बनाते हैं। हम युद्ध के मैदान में हर तरह की धौंस का मजबूती से डटकर मुकाबला कर रहे हैं।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद नहीं है। जहाज इसलिए हिचकिचा रहे हैं क्योंकि बीमा कंपनियां उस युद्ध से डरती हैं जिसे आपने शुरू किया है—ईरान ने नहीं। कोई भी बीमा कंपनी और कोई भी ईरानी, अधिक धमकियों से प्रभावित नहीं होगा। सम्मान का प्रयास करें। व्यापार की स्वतंत्रता के बिना नौवहन की स्वतंत्रता संभव नहीं है। दोनों का सम्मान करें, या दोनों में से किसी की भी अपेक्षा न करें।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।