विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान का बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले का दावा, एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम किए हमले

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:12 PM (IST)

ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला करने का दावा किया है, जिसे बहरीन ने अपनी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा नाकाम करने की बात कही है।

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले का दावा

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले का दावा

HighLights

  1. ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले का दावा किया।

  2. बहरीन ने अपनी वायु रक्षा प्रणाली से ईरानी हवाई हमले नाकाम किए।

  3. हमले अमेरिका-इजरायल युद्ध समझौते की अनिश्चितता के बीच हुए।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान ने बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला करने का दावा किया है। जबकि बहरीन ने रविवार को उसके हवाई हमले को नाकाम करने का दावा किया। ईरान के शीर्ष सैन्य बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शुक्रवार को भी बहरीन में अमेरिका के अर्ली वार्निंग रडार को निशाना बनाने का दावा किया था।

उस समय अमेरिकी सेना ने इस दावे को खारिज किया था। ये हमले ऐसे समय किए जा रहे हैं, जब ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के युद्ध को समाप्त करने के समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

सितंबर के बाद यह पहली बार है, जब बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली ने हमलों को रोका। इससे पहले खतरे को लेकर दो बार चेतावनी जारी की गई थी और लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई थी।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि उसने अमेरिका की शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों के जवाब में बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया। जबकि बहरीन की सेना ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान के कई हवाई हमलों को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नाकाम कर दिया। उसने तेहरान पर बहरीन के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया जारी रखने का आरोप लगाया।

ईरानी सरकारी प्रेस टीवी ने बताया कि रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बहरीन के अल-रिफा हेलीकाप्टर अड्डे पर अमेरिकी वायु रक्षा रडार को निशाना बनाकर छह ड्रोन दागे। अमेरिका या बहरीन के अधिकारियों ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की।

एएनआई के अनुसार, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बकर गालिबफ ने कहा कि उनका देश 'न युद्ध, न शांति' की स्थिति में फंसा रहने से इन्कार करता है।

बारूदी सुरंग से टकराने से दो टैंकरों में लगी आग

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, रिवोल्यूशनरी गार्ड नौसेना ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट में नौसेना द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग से टकराने से दो टैंकरों में धमाका हुआ और उनमें आग लग गई। टैंकरों के बारे में फिलहाल कोई अन्य जानकारी नहीं मिल पाई है। पिछले कुछ दिनों में कई तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकरा चुके हैं।

यमन की सरकारी सेना स्ट्रेट से पीछे हटी

सना, रायटर: यमन की सरकारी सेना ने रविवार को एलान किया कि वह बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के समीपवर्ती इलाके से पीछे हट रही है ताकि अदन में अपने मुख्य अड्डे की सुरक्षा पर ध्यान दे सके। यमनी सेना का यह कदम ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले अभियान के लिए झटका माना जा रहा है।

(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।