ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से किए हमले, पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों को बनाया निशाना
ईरान के आईआरजीसी ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला करने का दावा किया है, जिसमें पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के रडार को निशाना बनाया गया।

ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से किए हमले(फोटो: रॉयटर्स)
HighLights
ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया।
हमले में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम रडार निशाना बने।
बहरीन में एक नागरिक, एक पाकिस्तानी घायल हुए।
डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्प्स (आइआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने शनिवार रात बहरीन में दो अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। ईरान के मुताबिक, इन हमलों में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के रडार को निशाना बनाया।
आईआरजीसी ने बयान में कहा कि ईरान के हवाई क्षेत्र में अमेरिका की आक्रामकता के जवाब में ईरान ने बहरीन के अल-रिफा और अवाली सखीर एयरबेस पर अमेरिकी सेना की पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों के दो रडारों को निशाना बनाया।
ईरान का दावा है कि इससे पहले अमेरिकी सेना के एक एमक्यू-1 प्रिडेटर ड्रोन और एक एमक्यू-9 रीपर ड्रोन ने ईरान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था। ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके हवाई क्षेत्र में किसी भी तरह की घुसपैठ का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
इस बीच बहरीन ने रविवार को बताया कि ईरानी हमलों में बहरीन का एक नागरिक और पाकिस्तानी घायल हो गए। गृह मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बहरीनी नागरिक की हालत स्थिर है, जबकि पाकिस्तानी की हालत गंभीर है। दोनों का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बहरीन में औद्योगिक ठिकाने पर भी हमला
बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा कि एक नागरिक औद्योगिक ठिकाने को ईरानी हमले में निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई। वहीं, बहरीन डिफेंस फोर्स ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ईरानी हवाई हमलों को रोक दिया। हमलों का मलबा गिरने से कुछ जगहों पर संपत्ति को मामूली नुकसान हुआ, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बहरीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान द्वारा लगातार किए जा रहे हवाई हमलों की रविवार को निंदा की और ईरान से आग्रह किया कि वह अन्य देशों की संप्रभुता के बार-बार हो रहे उल्लंघनों को बंद करे।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। इसके बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी तनाव बना हुआ है।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।