विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय समेत दो लोगों की मौत, 2 घायल

Published: Thu, 22 Oct 2026 01:56 PM (IST)

सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य ...और पढ़ें

दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की भी मौत। (फोटो- एएनआई।)

दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की भी मौत। (फोटो- एएनआई।)

HighLights

  1. दम्माम हवाई अड्डे पर हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई।

  2. हमले में दो अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं।

  3. भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों से संपर्क कर जानकारी जुटा रहा है।

डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब के दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में मारे गए दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गए। इस बात की जानकारी रियाद में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अधिकारियों के हवाले से दी।

रियाद में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था और दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।"

'प्रभावित परिवारों से संपर्क की कोशिश'

दूतावास ने कहा कि वह और जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहा है। दूतावास ने आगे कहा, "हम और जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

सऊदी अरब ने क्या बताया?

सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन की ओर से गुरुवार को जारी एक बयान के अनुसार, बुधवार शाम हवाई अड्डे पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों की पहचान एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी के रूप में हुई। अथॉरिटी ने बताया कि घायलों की संख्या आठ है, जिनमें एक सऊदी नागरिक, दो भारतीय, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।

अथॉरिटी ने अपने बयान में कहा, "उन्हें मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल वे कई अस्पतालों में जरूरी इलाज करा रहे हैं।" जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने यह भी कहा कि नुकसान का आकलन करने और यात्रियों तथा एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने के वास्ते, संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर प्रयास किए जा रहे हैं।

हवाई यातायात हुआ सामान्य

अधिकारियों ने आगे पुष्टि की कि हमले के बाद हवाई अड्डे का कामकाज फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है। यह घटना बुधवार शाम, 21 अक्टूबर को दम्मम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि जांच और नुकसान का आकलन चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट के कामकाज और वहां काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।

इससे पहले, अमेरिकी विदेश विभाग ने फारस की खाड़ी में व्यापक स्तर पर कर्मियों की वापसी के दावों वाली मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि गैर-आपातकालीन कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों की वापसी का आदेश केवल सऊदी अरब स्थित अमेरिकी राजनयिक केंद्रों पर ही लागू होता है।

यह भी पढ़ें: सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का हमला, एक की मौत; भारतीय समेत 8 लोग घायल