विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी के दम्माम एयरपोर्ट पर हूती का बड़ा हमला, 1 की मौत और 8 घायल; अमेरिका ने दूतावास स्टाफ को देश छोड़ने का दिया आदेश

Published: Thu, 22 Oct 2026 05:30 AM (IST)

सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति ...और पढ़ें

सऊदी के दम्माम एयरपोर्ट पर हूती का बड़ा हमला, 1 की मौत और 8 घायल (फोटो- रॉयटर)

सऊदी के दम्माम एयरपोर्ट पर हूती का बड़ा हमला, 1 की मौत और 8 घायल (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. हूती हमलों से सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट प्रभावित हो चुके हैं

  2. अमेरिका ने सऊदी अरब में दूतावास के कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया

  3. सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हमले में एक भारतीय घायल

डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने दी है।

अथॉरिटी के बयान में कहा गया कि घायलों की हालत मामूली से लेकर गंभीर तक है। एयरपोर्ट को हुए भौतिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हमला कैसे हुआ इसका अभी कुछ बता नहीं है, लेकिन हाल के दिनों में यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा प्रोजेक्टाइल से सऊदी एयरपोर्ट्स पर बार-बार हमले किए जा रहे हैं।

यह हमला क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है, जहां हूती हमलों से सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट प्रभावित हो चुके हैं।

अमेरिका ने सऊदी अरब में दूतावास के कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया
अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को कहा कि वाशिंगटन ने सऊदी अरब में गैर-जरूरी अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया है, क्योंकि यमन के हूती विद्रोही द्वारा सऊदी अरब पर लगातार घातक हमले किए जा रहे हैं।

यह घटना तब सामने आई जब एक राजनयिक सूत्र ने एएफपी को बताया कि खाड़ी राज्य में स्थित अमेरिकी दूतावास से सभी अमेरिकी कर्मचारियों और उनके परिवारों को चले जाने का आदेश दिया गया है।

सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हमले में एक भारतीय घायल, दूतावास ने दी जानकारी
सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया है। भारत के सऊदी अरब स्थित दूतावास ने इसकी पुष्टि की है।

दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दूतावास को पता चला है कि आज शैबा ऑयलफील्ड पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है। हम सऊदी अधिकारियों के संपर्क में हैं और आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। घायल भारतीय नागरिक को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

शैबा ऑयलफील्ड सऊदी अरब का एक प्रमुख तेल उत्पादन केंद्र है। क्षेत्र में हाल के दिनों में हूती हमलों और तनाव के बीच यह घटना हुई है। दूतावास घायल भारतीय की स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रहा है।