सिर पर गहरे जख्म और टांको के निशान... स्मित मच्छर की चोट बयां कर रही फ्लाईदुबई में संघर्ष की कहानी
संयुक्त अरब अमीरात ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर और उनके फ्लाईदुबई क्रू को उड़ान के दौरान हुए हमले में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सम्मानित किया है।

सम्मान समारोह के दौरान स्मित मच्छर के सिर पर दिखे टांके।
HighLights
यूएई ने भारतीय पायलट स्मित मच्छर को सम्मानित किया।
हमले में गंभीर सिर की चोट के बावजूद बहादुरी दिखाई।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर बड़ा हादसा टाला।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर और उनके फ्लाईदुबई क्रू को सम्मानित किया है। इस समारोह के दौरान उनके सिर पर लगी चोट को भी पहली बार करीब से देखा गया।
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छर और उनके क्रू सदस्यों को फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें दुबई से तेल अवीव जा रही एक उड़ान के दौरान हुए हमले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए दिया गया।
साफ दिख रहे थे सिर पर टांके
समारोह के दौरान कैप्टन मच्छर की तस्वीरों में उनके सिर पर लगे टांके साफ देखे जा सकते हैं। उन पर कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी से हमला किया गया था, जिसके कारण उनके सिर की हड्डी टूटकर अंदर धंस गई थी। इतनी गंभीर चोट लगने के बावजूद वे कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इससे क्रू मेंबर और यात्री अंदर आ सके, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ये पदक दुबई के क्राउन प्रिंस, उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दिए। दुबई मीडिया ऑफिस ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उन्होंने क्रू के कार्यों और उनकी जिम्मेदारी की भावना की सराहना की।
क्यों दिया जाता है ये सम्मान?
जायद द्वितीय का प्रथम श्रेणी सम्मान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का एक उच्च-स्तरीय नागरिक सम्मान है। यूएई के राष्ट्रपति इसे उन व्यक्तियों, राजनयिकों, अधिकारियों और चालक दल के सदस्यों को प्रदान करते हैं, जिन्होंने विशिष्ट सेवा, साहस का परिचय दिया हो या द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान दिया हो। कैप्टन मच्छर और उनके साथियों को राष्ट्रपति के स्वागत-समारोह में पुरस्कार मिला।
