'यमन में मार गिराया सऊदी अरब का F-15 लड़ाकू विमान', वीडियो जारी कर हूती विद्रोहियों ने किया दावा
हूती विद्रोहियों ने यमन में सऊदी अरब के F-15 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है और इसका एक वीडियो भी जारी किया है।
HighLights
हूती विद्रोहियों ने यमन में सऊदी F-15 लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया।
स्थानीय स्तर पर बनी जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल का उपयोग किया।
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा, सऊदी अरब पर हूती हमले तेज हुए।
डिजिटल डेस्क, सना। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने यमन में सऊदी अरब के एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। उन्होंने एक ही वीडियो में दो तरह के विज़ुअल शेयर किए हैं। पहले विज़ुअल में एक टारगेटिंग सिस्टम एयरक्राफ्ट को निशाना बनाता हुआ दिख रहा है और दूसरे विज़ुअल में कथित तौर पर एयरक्राफ्ट का मलबा और उसके साथ हथियारबंद लोग पोज देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हूती विद्रोहियों ने विमान के पायलटों के बारे में कुछ नहीं कहा है। सऊदी पक्ष ने भी अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि इस फुटेज की असलियत की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है लेकिन द वॉर जोन की रिपोर्ट के मुताबिक, फुटेज में दिख रहा विमान सऊदी वायु सेना का सबसे एडवांस्ड मॉडल एफ-15एसए लगता है।
किस ओर इशारा करता है ये दावा?
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि फुटेज में दिख रहे विमान पर टेल नंबर 5539 है, जो देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित किंग खालिद एयर बेस के 55वें स्क्वाड्रन को दिया गया है। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है तो यह पहली बार होगा जब इस संघर्ष में हूतियों ने किसी फाइटर प्लेन को मार गिराया होगा। यह घटनाक्रम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है, क्योंकि हूतियों ने सऊदी अरब पर हमले तेज कर दिए हैं।
विद्रोहियों ने बरपाया कहर
हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की घेराबंदी का ऐलान किया है और हाल के हफ्तों में लगातार उस देश पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। मंगलवार को हुए हमलों के कारण जेद्दा में देश के मुख्य इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा और यानबू, ताइफ, आभा और जाजान समेत कई अन्य शहरों में अलर्ट जारी किया गया। साथ ही, बुधवार को सऊदी अरब ने हूतियों पर इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का पर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाया।
हूती के प्रवक्ता ने क्या कहा?
हूती मिलिट्री के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने दावा किया कि हूथी फोर्स ने सऊदी अरब के एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। यह विमान यमन के मारिब शहर में सऊदी-समर्थित फोर्स की मदद के लिए ऑपरेशन चला रहा था। सरी ने कहा कि हूथी लड़ाकों ने स्थानीय स्तर पर बनी जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल से एफ-15 को मार गिराया।
सरी ने यह भी दावा किया कि हूथी लड़ाकों ने सऊदी अरब के उन एफ-15 और यूरोफाइटर टाइफून विमानों का भी सामना किया, जो बाद में गिराए गए विमान की तलाश में यमन में दाखिल हुए थे।
यह भी पढ़ें: हूतियों के खिलाफ सऊदी अरब की बड़ी गुहार, फ्रांस, ब्रिटेन और पाकिस्तान से मांगी तत्काल सैन्य मदद
