विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हूती विद्रोहियों के हमले से दहला सऊदी अरब, देश की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी पर किया मिसाइल अटैक

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:00 AM (IST)

हूती के इस हमले के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में उछाल आया है और वह 82 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया है। हूती ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को फिर से निशाना बनाने का दावा किया है।

सऊदी अरब की सबसे बड़ी रिफायनरी पर हूती विद्रोहियों का हमला (फोटो- AI Generated)

सऊदी अरब की सबसे बड़ी रिफायनरी पर हूती विद्रोहियों का हमला (फोटो- AI Generated)

HighLights

  1. कारखाने में लगी आग, 600 वर्ग किमी आकाशीय क्षेत्र में फैला काला धुंआ

  2. तेल कीमत में उछाल, रियाद के सबसे ऊंचे भवन पर दूसरे दिन भी हमला

रॉयटर, रियाद। यमन के हूती लड़ाकों ने बुध‍वार की सऊदी अरब की सबसे बड़ी रास तानुरा ऑयल रिफायनरी पर मिसाइल हमला करके उसे भारी नुकसान पहुंचाया है।

नासा के सेटेलाइट से लिए गए फोटो से पता चला है कि रिफायनरी के आसपास के 600 वर्ग किलोमीटर के आकाशीय क्षेत्र पर घना काला धुंआ छा गया है।

हूती के इस हमले के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में उछाल आया है और वह 82 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया है।

हूती ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को फिर से निशाना बनाने का दावा किया है।

इसके अतिरिक्त यमन में लड़ाई सऊदी अरब समर्थित सरकार की राजधानी अदन के और करीब पहुंच गई है। जमीनी लड़ाई में सरकारी सेना को धकेलते हुए हूती लड़ाके अदन की ओर बढ़ रहे हैं।

हूती ने जिस रास तानुरा रिफायनरी पर हमला किया है वह सऊदी अरब के समुद्री किनारे के नजदीक है और उसके उत्पादन का ज्यादातर हिस्सा निर्यात होता है। इस रिफायनरी की प्रतिदिन साढ़े पांच लाख बैरल कच्चा तेल शोधित करने की क्षमता है।

हूती की सैन्य शाखा के प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा है कि हमले में रिफायनरी को भारी नुकसान हुआ है और उसमें आग लग गई है।

जबकि सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम के प्रवक्ता ने कहा है कि रास तानुरा के आकाश के नजदीक हूती के चार हमलावर ड्रोन नष्ट किए गए हैं लेकिन रिफायनरी पर हमले के बारे में कुछ नहीं कहा है।

रिफायनरी को संचालित करने वाली विश्व की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको ने भी हमले को लेकर कुछ नहीं कहा है।

इन हमलों के बीच लाल सागर के जरिये सऊदी अरब के तेल निर्यात पर लगी हूती की रोक और होर्मुज स्ट्रेट बाधित होने से तेल निर्यात को लेकर बनी स्थिति पर 29 नवंबर को होने वाली ओपेक प्लस की बैठक में विचार होगा।

हूती प्रवक्ता ने बताया है कि रियाद स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर तीन बार हमला किया गया है। सऊदी अरब ने भी माना था कि मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट पर हुए हमले में 11 लोग घायल हुए थे।

इन घायलों में दो भारतीय नागरिक शामिल थे। यहां स्थित 80 मंजिला इमारत में कई कंपनियों के मुख्यालय हैं। हूती ने इसी इमारत पर बुधवार को भी हमला किया। इससे पहले 19 नवंबर को इसी इमारत पर हमला हुआ था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।