विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रियाद एयरपोर्ट पर हूती लड़ाकों का भीषण मिसाइल हमला, कैप्टन समेत 3 सऊदी नागरिकों की मौत; 7 घायल

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:26 PM (GMT+05:30)

रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती लड़ाकों के मिसाइल हमले में विमान के कैप्टन समेत तीन सऊदी नागरिक मारे गए और सात घायल हुए।

रियाद हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

रियाद हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती लड़ाकों के मिसाइल हमले में विमान के कैप्टन समेत तीन सऊदी नागरिक मारे गए हैं और सात लोग घायल हुए हैं। घायल हुए लोग विभिन्न देशों के हैं।

गुरुवार को हुए इस हमले में सऊदी अरब का एक यात्री विमान तबाह हो गया जबकि एक अन्य विमान क्षतिग्रस्त हुआ है, साथ ही हवाई अड्डे को नुकसान हुआ है। यह जानकारी सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी है लेकिन घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

जबकि हूती ने गुरुवार को ही बता दिया था कि उसने बैलेस्टिक मिसाइलों से रियाद एयरपोर्ट को निशाना बनाया है जिससे उसे भारी नुकसान हुआ है। इससे पहले बुधवार को रियाद और आभा हवाई अड्डों पर हूती लड़ाकों के हवाई हमलों में तीन लोग मारे गए थे और 36 घायल हुए थे।

तब मारे गए सभी लोग विदेशी नागरिक थे लेकिन गुरुवार को मारे गए सभी तीनों लोग सऊदी नागरिक हैं। ऐसा एक महीने से चल रही सऊदी अरब और हूती की लड़ाई में पहली बार हुआ है।

इस बीच यमन में सरकारी सेना और हूती लड़ाकों के बीच जमीनी लड़ाई जारी है। इस लड़ाई में सऊदी अरब के लड़ाकू विमान सरकारी सेना के समर्थन में ईरान समर्थित हूती लड़ाकों पर बमबारी कर रहे हैं। पता चला है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमान भी हूती पर हमलों में सऊदी वायुसेना का साथ दे रहे हैं। पाकिस्तानी सेना साफ कर चुकी है कि उसके सैनिक सऊदी अरब में हैं और अपनी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

विदित हो कि यमन की सेना बाब अल-मंदेब स्ट्रेट और लाल सागर के किनारे के इलाकों का कब्जा हूतियों से लेने के लिए लड़ रही है। सितंबर में महज 48 घंटे में हूती लड़ाकों ने व्यापार की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग के अहम ठिकानों को सरकारी सेना से छीन लिया था। वैसे राजधानी सना समेत यमन के एक तिहाई इलाके पर हूती लड़ाकों का पिछले 12 वर्षों से कब्जा है।

रियाद और सऊदी अरब के अन्य इलाकों पर हो रहे हूती के हवाई हमलों के चलते भारतीय एयरलाइन कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक रियाद के लिए सभी उड़ानें रद कर दी हैं जबकि लुफ्तांसा समेत कई विदेशी कंपनियों ने रियाद के लिए 16 अक्टूबर तक अपनी सेवाएं स्थगित कर दी हैं। हूती के हमलों के चलते रियाद से प्रतिदिन होने वाला सैकड़ों विमानों का आवागमन ठप है।

इस बीच भारत, अमेरिका समेत कई देशों ने अपने नागरिकों को सऊदी अरब की यात्रा से परहेज करने की सलाह दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों को बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की हिदायत दी है। साथ ही असामान्य स्थिति से बचाव के लिए सतर्क रहने और दूतावास से संपर्क करने के लिए कहा है।

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)