होर्मुज में एलपीजी टैंकर पर दो बार मिसाइल हमला, 24 नाविक बचाए गए; एक भारतीय लापता
होर्मुज स्ट्रेट में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'टारा गैस' पर दो बार मिसाइल हमला हुआ, जिससे एक भारतीय ...और पढ़ें

होर्मुज में एलपीजी टैंकर पर दो बार मिसाइल हमला (फोटो- रॉयटर्स) तस्वीर का इस्तेमाल खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
होर्मुज में 'टारा गैस' टैंकर पर दो बार मिसाइल हमला हुआ।
एक भारतीय नाविक लापता है, उसकी तलाश जारी है।
मंत्री सोनोवाल ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर चिंता जताई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली । होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर जहाजों को निशाना बनाए जाने से समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'टारा गैस' पर 16 नवंबर को दो बार मिसाइल से हमला किया गया। इस घटना के बाद चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा।
टैंकर पर सवार 24 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक लापता है। उसकी तलाश जारी है। लगातार हो रही घटनाओं से भारतीय नाविकों की सुरक्षा और खाड़ी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।
केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रही है। नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ संपर्क बनाए रखा गया है।
मंत्री ने कुछ घंटे बाद बताया कि टैंकर पर दोबारा हमला हुआ, जिसके चलते चालक दल के सभी सदस्यों को जहाज छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि 24 सदस्यों का सुरक्षित पता लगा लिया गया है, लेकिन एक भारतीय नाविक अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी और क्षेत्रीय बचाव अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। बचाए गए सदस्यों की सुरक्षा और उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
एक सप्ताह में दूसरी ऐसी घटना
होर्मुज और फारस की खाड़ी के आसपास भारतीय नाविकों से जुड़े जहाजों पर हमले की यह हालिया घटना है। आइएएनएस के अनुसार, सोनोवाल ने पिछले सप्ताह फारस की खाड़ी में लाइबेरिया के झंडे वाले बड़े कच्चे तेल के टैंकर 'एमटी फुजैरा एनर्जी' पर हुए हमले की जानकारी दी थी।
10 नवंबर को हुई इस घटना में जहाज पर सवार चार नाविक घायल हुए थे, जिनमें एक भारतीय भी शामिल था। उस जहाज पर कुल 18 नाविक तैनात थे, जिनमें पांच भारतीय थे। सभी को सुरक्षित बताया गया था। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।