होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हादसा: 2 सुपरटैंकर समेत 3 जहाजों में लगी आग, ईरान का सनसनीखेज दावा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्प्स (IRGC) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाजों, जिनमें दो सुपरटैंकर शामिल ...और पढ़ें

होर्मुज स्ट्रेट के 'अवैध' रास्ते में तीन जहाजों में लगी आग। (फाइल फोटो)
HighLights
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाजों में आग लगने का दावा किया।
दो सुपरटैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराकर आग की चपेट में आए।
कतर के पास फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर हमला हुआ।
डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्प्स (आइआरजीसी) ने गुरुवार को दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में निर्धारित मार्ग के बजाय एक अवैध और अनधिकृत रास्ते से गुजरने के दौरान तीन जहाजों में आग लग गई। इनमें दो सुपरटैंकर शामिल हैं। घटनाएं बुधवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर हुईं।
आइआरजीसी के आधिकारिक मीडिया संस्थान सेपाह न्यूज के अनुसार, पहली घटना में एक तेल टैंकर समुद्र में बिछाई गई नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। दूसरी घटना में होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकल रहा एक अन्य तेल टैंकर आग लगने के कारण पूर्वी हिस्से में रोक दिया गया।
आग बुझाने में मदद के लिए पहुंचे एक टगबोट में भी आग लग गई। आइआरजीसी ने यह भी दावा किया कि उसकी नौसैनिक इलेक्ट्रानिक युद्ध इकाई ने दो घुसपैठ करने वाले मानवरहित लड़ाकू ड्रोन को अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षित उतार लिया।
ईरानी बल ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह जहाजों को बारूदी सुरंगों वाले प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जिससे पश्चिम एशिया में उसके सहयोगियों और अमेरिकी करदाताओं पर भारी बीमा खर्च का बोझ पड़ रहा है।
कतर के पास फारस की खाड़ी में टैंकर पर दो प्रोजेक्टाइल से हमला
रॉयटर के अनुसार, कतर के तट के पास फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर दो अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी यूकेएसटीओ ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
ब्रिटिश सेना के अनुसार, हमला बुधवार को कतर के शहर मदीनत अश शमाल के उत्तर में हुआ। हमले के बाद चालक दल की स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है और जहाज को हुए नुकसान का भी पता नहीं चला है। हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी ने नहीं ली।
होर्मुज में समुद्री आवाजाही बहाल करने पर ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों की चर्चा
एपी के अनुसार, ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच स्थित होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही फिर शुरू करने के उपायों पर चर्चा की। ओमान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। दोनों ने सुरक्षित समुद्री आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आपसी सहमति बनाने के महत्व पर जोर दिया।
यमन में सऊदी हवाई हमलों में सात लोगों की मौत
यमन के हूती विद्रोहियों ने नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को दावा किया कि सऊदी अरब के दो हवाई हमलों में सात लोगों की मौत हो गई और छह घायल हुए हैं।
मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही के मुताबिक, पहला हमला सादा प्रांत के एक खेत पर हुआ, जबकि दूसरा हमला राहतकर्मियों के पहुंचने के दौरान किया गया।
सऊदी अरब ने तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने मदीना के ऊपर एक क्रूज मिसाइल नष्ट करने का दावा किया, जिसे हूती विद्रोहियों ने खारिज कर दिया।
सोर्स- न्यूज एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।