विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजा में बमबारी के बाद गिरी सात मंजिला इमारत, 20 लोगों की मौत; 100 से ज्यादा मलबे में दबे

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:12 PM (IST)

गाजा शहर में बमबारी के बाद एक सात मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें पांच बच्चों समेत 20 लोगों की मौत हो गई है।

HighLights

  1. गाजा में सात मंजिला इमारत बमबारी से पूरी तरह ढही।

  2. हादसे में 20 फलस्तीनियों की मौत, पांच बच्चे शामिल।

  3. 100 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका।

डिजिटल डेस्क, यरूशलेम। गाजा शहर में रातभर बम-धमाके होते रहे, जिससे सात-मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह ढह गई। इस हादसे में मलबे में दबकर 20 फलस्तीनियों की मौत हुई है, जिनमें पांच बच्चे हैं।

सात मंजिला यह इमारत 'तल अल-हवा' इलाके में गिरी। मलबे के नीचे अभी भी 100 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है।

इस बिल्डिंग में करीब 10 परिवार रह रहे थे। इमारत गिरने से 14 लोग घायल हो गए, जबकि बचाव कर्मी जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे रहे।

गाजा में बम धमाकों से इमारत गिरी

गाजा शहर की सिविल डिफेंस सर्विस के निदेशक, राएड अल-दहशान ने कहा कि बचाव कर्मियों को मलबे के नीचे से अभी भी लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।

रॉयटर्स को मिले एक वीडियो में बचाव कर्मियों को गिरी हुई दीवार के नीचे से दो लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करते हुए देखा गया।

मलबे को हटाने के लिए जरूरी भारी मशीनरी और अन्य उपकरणों भी नहीं है। वहीं मलबे में लोगों के दबे होने के चलते बचाव कार्य धीमा चल रहा है। स्थानीय निवासी भी मलबे को हाथों से हटाने के काम में सिविल डिफेंस टीमों की मदद कर रहे हैं।

लोगों को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के गाजा कार्यालय के प्रमुख, एलेसेंड्रो म्राकिक ने कहा कि इस ऑपरेशन में मिस्र की राहत एजेंसी के साथ-साथ कुछ संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के बचाव कर्मी भी शामिल हैं।

म्राकिक ने कहा, 'जैसा कि आप देख सकते हैं, स्थिति दुखद है क्योंकि हमारे पास जरूरी उपकरण और मशीनरी नहीं है। इसलिए लोग असल में अपने हाथों से मलबा हटा रहे हैं। हमें और मौतों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।'

म्राकिक ने बताया, 'करीब 400 इमारतें गिरने के खतरे में हैं और हम जानते हैं कि ये इमारतें गिरेंगी, खासकर अब जब सर्दियां आने वाली हैं।'

यह भी पढ़ें- 47 साल पहले 600 लोगों ने की थी मक्का की घेराबंदी, बदल गई थी सऊदी इतिहास की दिशा