विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी चुनाव से पहले ईरान से समझौते की कोशिश तेज, दोहा में लगातार तीसरे दिन वार्ता

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:30 AM (IST)

अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका के बावजूद कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं, जिसमें दोहा में लगातार तीसरे दिन वार्ता जारी है।

ईरान से समझौते की कोशिश में अमेरिका।

ईरान से समझौते की कोशिश में अमेरिका।

HighLights

  1. दोहा में अमेरिका-ईरान वार्ता तीसरे दिन भी जारी रही।

  2. ईरान ने प्रतिबंध हटाने और सैन्य तैनाती कम करने की शर्त रखी।

  3. ईरान ने हमले की स्थिति में सैन्य जवाब की चेतावनी दी।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य टकराव की आशंका बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही कूटनीतिक प्रयास भी तेज हो गए हैं। तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले दोनों देशों के बीच समझौते की राह निकालने की कोशिश की जा रही है।

इसी सिलसिले में ईरानी वार्ताकार रविवार को लगातार तीसरे दिन कतर की राजधानी दोहा में मध्यस्थों के साथ बातचीत करते रहे। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित नए हमलों को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर चर्चा की है।

ट्रंप ने क्या संकेत दिया?

रॉयटर के मुताबिक, कतर के प्रतिनिधिमंडल ने इससे पहले तेहरान जाकर ईरानी अधिकारियों से बातचीत की थी। ट्रंप ने कहा है कि मतदान से पहले अमेरिका ईरान पर हमला नहीं करेगा और तेहरान के साथ बातचीत सकारात्मक रही है। हालांकि, उन्होंने चुनाव के बाद सैन्य कार्रवाई की संभावना से इन्कार नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका 10 मिनट में ईरान के बचे-खुचे परमाणु ठिकानों को तबाह कर सकता है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी कहा कि ट्रंप ने अभी नए हमलों पर अंतिम फैसला नहीं लिया है और कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

होर्मुज खोलने के बदले प्रतिबंधों में राहत की मांग

न्यूज एजेंसी एएनआई ने अल जजीरा के हवाले से बताया कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के प्रस्ताव पर कतर के मध्यस्थों के साथ चर्चा चल रही है। प्रस्तावित समयसीमा पांच दिन से घटाकर दो दिन कर दी गई है।

हालांकि, इसके लिए ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंध हटाने, तेल निर्यात संबंधी छूट बहाल करने, जब्त धनराशि जारी करने और क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य तैनाती कम करने जैसी शर्तें रखी हैं।

ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई ने कहा है कि तेहरान की सात शर्तें पूरी होने पर ही कूटनीति आगे बढ़ सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी नए हमले की स्थिति में ईरान अपने नए हथियारों से जवाब देगा और दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाएगा।

रेजाई ने होर्मुज स्ट्रेट बंद रखने की भी चेतावनी दी। इस बीच, रेजाई ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के पत्र के लहजे में बदलाव का उल्लेख करते हुए इसे ईरान की जीत का संकेत बताया है। यह पत्र कतर के मध्यस्थों के जरिए उन्हें पहुंचाया गया था।

मोजतबा ने सेना को तैयार रहने का दिया निर्देश

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने शनिवार को सशस्त्र बलों को किसी भी हमले का जवाब देने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। ईरानी सेना ने भी अपनी सैन्य तैयारियां मजबूत करने की बात कही है। तेहरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि उस पर हमला होने की स्थिति में वह पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाएगा।

यह भी पढ़ें: क्या दो दिन में खुल जाएगा होर्मुज? ईरानी विदेश मंत्री ने दिए संकेत, अमेरिका के सामने रखी शर्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।