कोरोना वायरस की दहशत, सऊदी ने उमरा यात्रा निलंबित की, विश्व बैंक ने गरीब मुल्कों की मदद का एलान किया
सऊदी अरब ने ‘उमरा’ यात्रा पर रोक लगा दी है। इस बीच विश्व बैंक ने गरीब देशों की मदद के लिए 12 बिलियन डॉलर (करीब 84 हजार करोड़ रुपये) सहायता पैकेज का एलान किया है।
रियाद, एएफपी। दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सऊदी अरब ने एक बड़ा फैसला लिया है। सऊदी अरब ने मक्का में आने वाले तीर्थयात्रियों पर रोक लगा दी है। यह रोक स्थानीय नागरिकों पर भी होगी। ‘उमरा’ यात्रा पर प्रतिबंध कब तक जारी रहेगा, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह फैसला पवित्र शहर मक्का और मदीना में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। सउदी प्रेस एजेंसी ने आंतरिक मामलों के मंत्रालाय की ओर से जारी बयान के हवाले से यह जानकारी दी है।
ईरान के सभी राज्य कोरोना से प्रभावित
सउदी अरब ने इससे एक हफ्ते पहले खाड़ी सहयोग परिषद के सभी छह देशों के नागरिकों के मक्का एवं मदीना जाने पर रोक लगा दी थी। बताया जाता है कि सउदी अरब में सोमवार को कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। सऊदी अरब में ईरान से लौटे एक नागरिक को वायरस से संक्रमित पाया गया था। उधर ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बताया है कि मुल्क के सभी प्रांत कोरोना वायरस से प्रभावित हो गए हैं। ईरान में अब तक वायरस की चपेट में आकर 92 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2,922 लोग संक्रमित बताए जाते हैं।
विश्व बैंक ने मदद का एलान किया
विश्व बैंक ने गरीब देशों की मदद के लिए 12 बिलियन डॉलर (करीब 84 हजार करोड़ रुपये) सहायता पैकेज का एलान किया है। चीन में 38 और मौत के बाद कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 2981 हो गई है। चीन में संक्रमण के 80,270 मामले सामने आ चुके हैं। दुनियाभर में अभी तक 3100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 91 हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं।
वुहान के डॉक्टरों ने भारतीयों को दिए टिप्स
वुहान में मरीजों का इलाज कर रहे चीन के चिकित्सकों ने भारतीय डॉक्टरों को कोरोना से निपटने के टिप्स दिए। ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से पीकिंग यूनिवर्सिटी के कियाओ जी ने कहा कि इलाज के लिए चिकित्सा कर्मचारियों का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। मरीजों के इलाज के लिए वार्ड को भी विशेष रूप से तैयार करना होता है। कमरे में एयरफ्लो को बदलने के लिए उच्च शक्ति वाले पंखे होने चाहिए। डॉक्टरों को जनता को मास्क पहनने और हाथ धोने जैसी बुनियादी बातें जरूर बतानी चाहिए।
इटली में स्कूल कॉलेज सब बंद
इटली में स्कूल और विश्वविद्यालय बंद कर दिए गए हैं। देश में अभी तक 79 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2500 लोग संक्रमित हैं। जापान में संक्रमित लोगों की संख्या एक हजार के पार पहुंच गई है। जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि कोरोनावायरस का प्रकोप एक वैश्विक महामारी में बदल गया है। यूरोपीय यूनियन के ब्रसेल्स स्थित कार्यालय में एक अधिकारी के संक्रमित होने का पता चला है। उधर, दक्षिण कोरिया में 142 नए मामलों की पुष्टि के साथ ही देश में वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 5328 हो गई है। अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण कोरिया में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।