'अहंकार की चरम सीमा पर', खामेनेई ने ट्रंप पर साधा निशाना; कर डाली तानाशाहों से तुलना
खामेनेई ने कहा कि दुनिया के बारे में घमंड से फैसला करने वाला अमेरिका का राष्ट्रपति यह जान ले कि ...और पढ़ें

खामेनेई ने ट्रंप पर साधा निशाना; कर डाली तानाशाहों से तुलना (फाइल फोटो)
HighLights
खामेनेई ने ट्रंप के हाथों को "ईरानियों के खून से रंगे" बताया
ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को "बहादुर लोग" कहा
डिजिटल डेस्क, तेहरान।ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधा संदेश देते हुए ऐतिहासिक तुलनाएं की हैं, जिसमें उन्होंने ट्रंप को फिरौन, निमरूद और ईरान के अंतिम शाह मोहम्मद रजा पहलवी जैसे अहंकारी शासकों से जोड़ा है।
खामेनेई ने कहा कि दुनिया के बारे में घमंड से फैसला करने वाला अमेरिका का राष्ट्रपति यह जान ले कि फिरौन, निमरूद, मोहम्मद रजाजैसे तानाशाह और अहंकारी शासकों का पतन उनके अहंकार के चरम पर ही हुआ था। उनका भी पतन होगा। यह बयान खामेनई ने अपने एक्सअकाउंट पर पोस्ट किया।
ईरान में जारी विरोध प्रदर्शन
देश भर में आर्थिक संकट के कारण शुरू हुए विरोध प्रदर्शन अब 13वें दिन में प्रवेश कर चुके हैं। दिसंबर 2025 के अंत से शुरू हुए ये प्रदर्शन अब पूरे ईरान में फैल चुके हैं, जिसमें तेहरान, उत्तर-पश्चिमी प्रांत और कुर्दिश इलाके शामिल हैं। प्रदर्शन अब राजनीतिक हो चुके हैं, जहां लोग "तानाशाह मुर्दाबाद" और "मुल्लाओं को हटाओ" जैसे नारे लगा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों के मुख्य मुद्दे
- रियाल की भारी गिरावट (2025 में डॉलर के मुकाबले मूल्य आधा से भी कम)
- मुद्रास्फीति 42% से अधिक
- अमेरिकी प्रतिबंधों और पिछले साल इजराइल के साथ युद्ध के कारण बढ़ती आर्थिक तंगी
खामेनेई का अमेरिका पर आरोप
खामेनेई ने प्रदर्शनकारियों को "उपद्रवी" और "विदेशी भाड़े के सैनिक" करार दिया, जिनका मकसद अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करना है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तोड़फोड़ कर रहे हैं ताकि ट्रंप उनका साथ दें। उन्होंने ट्रंप के हाथों को "ईरानियों के खून से रंगे" बताया।
ट्रंप की ओर से चेतावनी
ट्रंप ने कई बार दोहराया है कि अगर ईरानी सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर घातक बल प्रयोग करती है, तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा। उन्होंने कहा कि हम लॉक और लोडेड हैं और तैयार हैं। अगर वे लोगों को मारना शुरू करते हैं, तो उन्हें बहुत कड़ी सजा मिलेगी।
ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को "बहादुर लोग" कहा और ईरानी नेतृत्व को चेतावनी दी कि वे "नर्क की सजा" भुगतेंगे। ईरानी विदेश मंत्री ने ट्रंप की चेतावनी को "लापरवाह और खतरनाक" बताया।
