सीरिया में युद्धग्रस्त ईस्टर्न घोउटा से निकाले गए 30 हजार नागरिक: रिपोर्ट
18 फरवरी को ईस्टर्न घोउटा में हिंसा में हुई बढोतरी के बाद से अब तक कुल 1,394 नागरिकों की मौत हो चुकी है।
दमिश्क, आइएएनएस। सीरिया में विद्राेही कब्जे वाले ईस्टर्न घोउटा क्षेत्र से करीब 30 हजार नागरिकों को निकाला गया है। एक स्थानीय मीडिया के हवाले से यह खबर सामने आई है। सना न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात को व्यापक पैमाने पर निष्कासन प्रक्रिया को अंजाम दिया गया और यह अब भी जारी है।
शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को ईस्टर्न घोउटा से नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। शनिवार सुबह सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया था कि पिछले 72 घंटों में ईस्टर्न घोउटा से 50 हजार नागरिकों को निकाला जा चुका है।
ब्रिटेन स्थित इस निगरानी संगठन के अनुसार, 18 फरवरी को ईस्टर्न घोउटा में हिंसा में हुई बढोतरी के बाद से अब तक कुल 1,394 नागरिकों की मौत हो चुकी है। इसमें 271 नाबालिग बच्चे और 173 महिलाएं शामिल थीं।
सीरियाई सेना ने कहा कि विभिन्न विद्रोही संगठनों के खिलाफ लड़ाई के लिए क्षेत्र को विभजित करने के बाद ईस्टर्न घोउटा के 70 फीसदी हिस्से पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह 105 किमी स्क्वायर में फैला एक कृषि क्षेत्र है, जिसमें कई गांव बसे हुए हैं।
सीरियाई सेना और विद्रोहियों के बीच लड़ाई के कारण नागरिकों को वहां से फिलहाल पलायन करने को मजबूर होना पड़ा है। मौजूदा समय में ईस्टर्न घोउटा में चार बड़े विद्रोही संगठन सक्रिय हैं। इनमें इस्लाम आर्मी, अहरर अल-शाम शामिल हैं।