विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओमान तट के पास जहाज पर हमला, 24 भारतीयों ने नौसेना से लगाई थी मदद की गुहार; सभी सुरक्षित

Published: Mon, 08 Jun 2026 04:30 PM (IST)Updated: Mon, 08 Jun 2026 11:25 PM (IST)

ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद क्षतिग्रस्त हुए एमटी मारिवेक्स टैंकर से 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

HighLights

  1. ओमान की खाड़ी में टैंकर पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई।

  2. एमटी मारिवेक्स से 24 भारतीय नाविक सुरक्षित निकाले गए।

  3. अमेरिकी सेना ने ईरान नाकाबंदी तोड़ने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, मस्कट। ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद खाली तेल टैंकर एमटी मारिवेक्स बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और जिसके बाद उसमे आग लग गई थी।

इस घटना में जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों को ओमान के अधिकारियों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया।

नाकाबंदी भंग करने की कोशिश: अमेरिका

अमेरिकी सेना ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पलाऊ ध्वज वाले जहाज एमटी मारिवेक्स ने ईरान के बंदरगाहों की ओर जाने की कोशिश कर ईरान के खिलाफ लगाई गई नाकाबंदी का उल्लंघन किया।

यूएसएस अब्राहम लिंकन (CVN 72) से उड़ान भरने वाले एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट विमान ने जहाज के इंजीनियरिंग और स्टीयरिंग क्षेत्रों में सटीक गोलाबारी की।

अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) के अनुसार, चालक दल ने बार-बार दिए गए निर्देशों की अनदेखी की थी। हमले के बाद जहाज ईरान की ओर बढ़ना बंद कर चुका है।

भारतीय पक्ष: हमले की पुष्टि नहीं

एएनआई सूत्रों के मुताबिक भारतीय अधिकारियों ने अमेरिकी युद्धक विमान के हमले की बात को स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने पुष्टि की कि सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने ओमान के अधिकारियों को त्वरित सहायता के लिए धन्यवाद दिया।

जहाजरानी मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह जहाज भारतीय स्वामित्व वाला नहीं था और अमेरिकी नौसेना नियंत्रण एजेंसी (OFAC) द्वारा ब्लैकलिस्टेड था।

सूत्रों ने बताया कि जहाज ने हाल के दिनों में ट्रैकिंग सिग्नल बंद करने, ओमान के जलक्षेत्र में घुसने जैसे कई प्रयास किए थे।

8 जून को उसने फिर ओमान के समुद्री क्षेत्र का उपयोग कर नाकाबंदी भंग करने की कोशिश की और सिग्नल उपकरण बंद कर दिए। एक सूत्र ने कहा, 'इस तरीके से स्पष्ट होता है कि उसका इरादा नेक नहीं था।'

चालक दल सुरक्षित 

घटना के समय जहाज खाली था। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने पहले ही 24 भारतीय नाविकों के लिए तत्काल सहायता की मांग की थी। घटना की जांच जारी है।