सीरिया में अमेरिकी गठबंधन के हमले में मारे गए 12 नागरिक
मानवाधिकार संगठन सीरियाई ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने शनिवार को कहा कि हसाकाह प्रांत के हिदाज गांव पर शुक्रवार रात हवाई हमले किए गए।
बेरुत, एएफपी। पूर्वोत्तर सीरिया में अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से आइएस के ठिकानों पर किए गए हवाई हमले में 12 नागरिक मारे गए। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।
मानवाधिकार संगठन सीरियाई ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने शनिवार को कहा कि हसाकाह प्रांत के हिदाज गांव पर शुक्रवार रात हवाई हमले किए गए। इस क्षेत्र पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) का कब्जा है। मारे गए नागरिकों में दो महिलाएं और उनके बच्चे शामिल हैं। बीते 24 घंटे में गठबंधन के हमले में अब तक कुल 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिकी गठबंधन ने गुरुवार रात दीर इजोर प्रांत में भी हवाई हमला किया था। यहां पर आठ नागरिक मारे गए थे। बता दें कि सीरिया से आइएस का लगभग पूरा सफाया हो गया है। वह देश के महज तीन फीसद इलाकों में ही बचा हुआ है। यहां से भी इसका सफाया करने के लिए व्यापक सैन्य अभियान चलाया जा रहा है। साल 2014 में आइएस ने जब खलीफा शासन का एलान किया था तब सीरिया का बड़ा हिस्सा उसके नियंत्रण में था।