जापान में इतिहास की सबसे भीषण बारिश होने की चेतावनी, दो लाख लोग घर छोड़ने को मजबूर
भीषण बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं।
टोक्यो(एजेंसी)। पश्चिमी और मध्य जापान इन दिनों भारी बारिश की चपेट में है। प्रशासन ने दो लाख से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह दिया है। भीषण बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं।
इसकी वजह से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। कई दर्जन लोग घायल और गायब बताए जा रहे हैं। कई मलबे में दबे हैं जिन्हें राहत और बचावकर्मी निकालने में जुटे हैं। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए पश्चिम और मध्य जापान में ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। जापान के मौसम विभाग ने इतिहास की सबसे भीषण बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
लोगों से कहा गया है कि रविवार से पहले सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं क्योंकि हालात और खतरनाक होने वाले हैं। भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई गई है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने जापान की प्राचीन राजधानी क्योटो से सटे इलाके में रह रहे दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने का आदेश दिया है।