शांतिपूर्ण तरीके से निकालना चाहते हैं उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम का हल- पेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा है कि अमेरिका उत्तर कोरिया के परमाणु मसले का हल शांतिपूर्ण तरीके से निकालना चाहता है।
टोक्यो (आईएएनएस)। अमेरिकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस ने गुरूवार को कहा कि अमेरिका उत्तर कोरिया के विवादित परमाणु कार्यक्रम का हल शांतिपूर्वक निकालने को लेकर प्रतिबद्ध है। पेंस ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी से सैन्य बलों की भी मदद ली जाएगी।
पेंस ने यह बात जापान के एयरबेस पर अमेरिकी सैनिकों को संबोधित करते हुए कही इसके बाद वह शुक्रवार से दक्षिण कोरिया में शुरू होने वाले शीतकालीन ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए दक्षिण कोरिया को रवाना हो गए। पेंस ने कहा, 'अपने सहयोगियों को साथ लेकर हम उत्तर कोरिया के विवादित परमाणु कार्यक्रम का हल निकालने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।' उन्होंने अपने दर्शकों को याद दिलाते हुए कहा कि प्योंगयांग ने लगातार जानबूझकर धोखा दिया जिसका जवाब दिया जाएगा।
अमेरिका किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका किसी भी स्थिति के लिए तैयार है। हमारे सभी विकल्प खुले हुए हैं। उन्होंने आगे कहा "जो कोई भी हमारे लोगों को धमकी देता है तो अमेरिका कभी भी और कहीं भी अपनी मातृभूमि की रक्षा करने के लिए तैयार है। जो लोग हमें धमकी दे रहे हैं वो शायद अमेरिकी सैन्य बलों की ताकत को नजरदांज कर रहे हैं। हमारी सैन्य ताकत बेमिसाल है। हमारी सेना देश की रक्षा करने के लिए तत्पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्योंगयांग को अपने परमाणु हथियार कार्यक्रमों के द्वारा प्योंगचांग में चल रहे खेलों से दुनिया का ध्यान भटकाने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान पेंस ने सीधे उत्तर कोरिया के अधिकारियों के साथ किसी भी तरह के बैठक से इनकार किया है। दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि किम जोंग उन का भी अमेरिकी उप राष्ट्रपति से मिलने में कोई रुचि नहीं दिखाई है।
तनावपूर्ण चल रहे हैं अमेरिका और उत्तर कोरिया के संबंध
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच तनावपूर्ण संबंध चल रहे हैं। उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका भड़का हुआ है। पिछले साल उत्तर कोरिया ने लगातार कई परमाणु परीक्षण कर अमेरिका समेत कई देशों की नींद उड़ा दी। वहीं यह दावा कर अमेरिका से दुश्मनी मोल ले ली कि हमने अमेरिकी सरजमीं तक परमाणु हमला करने की क्षमता विकसीत कर ली है। इसको लेकर उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कई मौकों पर जुबानी जंग भी हो चुकी है। दोनों आए दिन एक दूसरे को चेतावनी देते रहते हैं और एक दूसरे पर अजीबो-गरीब तंज कसने का मौका भी नहीं छोड़ते हैं।