प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री एबी ने रद की विदेश यात्रा
प्राकृतिक आपदा से अब तक 114 लोगों की मौत हो चुकी है और 61 लोग लापता हैं।
कुराशिकी [रायटर]। जापान के दक्षिणी-पश्चिमी इलाके में कई दिनों तक आफत मचाने के बाद बारिश रुक गई है। सोमवार को आसमान साफ दिखाई दे रहा है और सूरज आम दिनों की तरह निकला है। लेकिन, तबाही का मंजर चारों ओर पसरा हुआ है। बाढ़ और भूस्खलन के चलते राहतकर्मियों को अभियान चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्राकृतिक आपदा से अब तक 114 लोगों की मौत हो चुकी है और 61 लोग लापता हैं।
मौसम हालांकि साफ है, लेकिन अधिकारियों ने अचानक तेज बारिश होने या गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई है। बिजली कंपनियों ने बताया कि लगभग 11,200 घरों में बिजली नहीं है और हजारों घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। हिरोशिमा के युमेको मत्सुई कहते हैं कि हम नहा नहीं सकते। ट्वायलेट सही से काम नहीं कर रहा है और अनाज का भंडार कम होता जा रहा है। शनिवार से तो हमें बिना पानी के रहना पड़ रहा है। हितोको असानो ने कहा कि मेरी उम्र 71 साल हो चुकी है। अपनी जिंदगी में मैंने अब तक ऐसे हालात नहीं देखे थे। वाशिंग मशीन, फ्रीज, माइक्रोवेव, टोस्टर और कंप्यूटर सब कुछ बर्बाद हो चुका है।
एबी की विदेश यात्रा रद
1983 के बाद सबसे भीषण बाढ़ को देखते हुए प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने अपनी विदेश यात्रा स्थगित कर दी है। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने बताया कि प्रधानमंत्री को बेल्जियम, फ्रांस, सऊदी अरब और मिस्र की यात्रा पर निकलना था। वे बुधवार से विदेश दौरे पर निकलने वाले थे।
उद्योग जगत पर असर
भारी बारिश और उसके बाद जलभराव से उद्योग जगत भी प्रभावित हुआ है। माज्दा मोटर कॉर्प ने बताया कि उसे सोमवार को हिरोशिमा स्थित मुख्यालय बंद करना पड़ा। इसके कई प्लांटों में उत्पादन पिछले सप्ताह ही बंद किया जा चुका है। पानी भर जाने के चलते पैनासोनिक कंपनी ने एक प्लांट में उत्पादन बंद कर दिया है।