भारी जीत के बाद एबी बोले, उ. कोरिया से निपटना प्राथमिकता
मीडिया के मुताबिक, सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी)-कोमिटो गठबंधन को कुल 465 सीटों में 312 सीटें मिली हैं।
टोक्यो, एपी/रायटर : चुनाव में भारी जीत मिलने के बाद जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने सोमवार को अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने उत्तर कोरिया से सैन्य खतरे और जनसंख्या घटने एवं बुजुर्गों की संख्या बढ़ने को जापान का दो राष्ट्रीय संकट बताया। साथ ही इससे निपटने का संकल्प लिया। उन्होंने जापान के शांतिवादी संविधान में संशोधन का भी संकेत दिया।
मीडिया के मुताबिक, सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी)-कोमिटो गठबंधन को कुल 465 सीटों में 312 सीटें मिली हैं। इनमें एबी की एलडीपी की 283 सीटें हैं। विपक्षी कंस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान (सीडीपीजे) को 54 और पार्टी ऑफ होप को 49 सीटें मिलीं।
एबी ने कहा कि चुनाव परिणाम उनके प्रति जोरदार समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने स्थिरता और उनकी सरकार की नीतियों को समर्थन देने के लिए लिए जनता का धन्यवाद किया। एबी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह किसी भी आकस्मिक स्थिति से जापान के लोगों की खुशहाली और शांति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह उत्तर कोरिया की मिसाइल, परमाणु और जापानियों के अपहरण से निपटने के लिए निर्णायक और मजबूत कूटनीति का सहारा लेंगे। उत्तर कोरिया पर अपनी नीति बदने के लिए और दबाव डालेंगे। उन्होंने इस साल के अंत तक जापान की जनसंख्या की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक पैकेज का वादा किया।
एबी ने दूसरे विश्वयुद्ध के बाद के जापान के शांतिवादी संविधान में संशोधन के अपने लंबे लक्ष्य को आगे बढ़ाने का भी इशारा किया। लेकिन इसके लिए उन्हें इस मामले में बंटे लोगों को राजी करने में सफल होना होगा। रविवार को हुए चुनाव में संविधान संशोधन के समर्थकों को करीब 80 फीसद सीटें मिली हैं। कंस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान एबी के संशोधन के प्रस्ताव के खिलाफ है। एबी की सहयोगी पार्टी कोमिटो भी इसको लेकर सतर्क है। एबी समर्थन में अन्य सभी दलों को भी इसमें शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन के मसले पर सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच व्यापक सहमति होना जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एबी को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में भारी जीत पर अपने जापानी समकक्ष शिंजो एबी को बधाई दी है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया, 'मेरे प्रिय मित्र शिंजो एबी को चुनाव में भारी जीत की हार्दिक बधाइयां। उनके साथ भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने का इंतजार है।' पिछले करीब तीन वर्षों में मोदी और एबी के संबंध बहुत अच्छे रहे हैं और दोनों की कई बार मुलाकातें हुई हैं। एबी हाल ही में मोदी के साथ वार्षिक शिखर बैठक के लिए भारत आए थे।
यह भी पढ़ेंः उत्तर कोरिया पर दबाव बनाने को लेकर अमेरिका के साथ जापान