घटती जनसंख्या के लिए महिलाओं को जिम्मेदार बता जापान के वित्त मंत्री ने मांगी माफी
जनसंख्या दर में वृद्धि के लिए नई नीतियां बनाने के बावजूद जापान की जनसंख्या घट रही है।
टोक्यो, आइएएनएस/प्रेट्र। जापान के उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री तारो असो ने देश की घटती जनसंख्या के लिए संतानहीन महिलाओं को जिम्मेदार ठहराया है। बाद में हालांकि उन्होंने अपने इस बयान पर माफी मांगी। उन्होंने कहा, अगर मेरे बयान पर लोगों को आपत्ति है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। 2017 के आंकड़ों के अनुसार, जापान की जनसंख्या 12.68 करोड़ थी। अनुमान है कि घटती जन्मदर के कारण 2050 तक देश की जनसंख्या 10 करोड़ से नीचे आ जाएगी।
पूर्व प्रधानमंत्री असो (78) ने फुकुओका में एक सेमिनार में कहा, 'बहुत-से लोग मानते हैं कि बुजुर्गो के कारण देश की जनसंख्या गिर रही है। लेकिन यह गलत है। इसकी असल वजह वह महिलाएं और परिवार हैं जो बच्चा पैदा नहीं करते।' असो के इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है। विपक्षी कांस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कियोमी सुजीमोता ने कहा, 'उन्हें मानवाधिकार की कोई जानकारी नहीं है। वह असल समस्या को नहीं समझते इसलिए उन्होंने किसी के बच्चा चाहने या ना चाहने के अधिकार पर सवाल उठाया है।' इस पर असो ने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला जा रहा है।
जनसंख्या दर में वृद्धि के लिए नई नीतियां बनाने के बावजूद जापान की जनसंख्या घट रही है। वर्ष 2017 में जहां देश में नौ लाख 50 हजार बच्चे पैदा हुए वहीं 2018 में यह संख्या घटकर नौ लाख 21 हजार रह गई।