जापान में भूकंप का तेज झटका, मापी गई 7.2 की तीव्रता; सुनामी का अलर्ट हटाया
जापान में भूकंप का तेज झटका आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.2 मापी गई है। सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है। एक दशक पहले ही जापान भूकंप से थर्राया था और भीषण सुनामी का दर्द अभी भी लोगों के दिलों में ताजा है।
टोक्यो, एएफपी। जापान में शनिवार को भूकंप का तेज झटका आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7. 2 मापी गई है। जापान के उत्तरपूर्वी तटीय इलाके में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। पिछले ही माह जापान के पूर्वी समुद्री तट पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। ईस्ट जापान रेलवे कंपनी का कहना है कि तोहोकु शिंकानसेन बुलेट ट्रेन लाइन पर सेवाएं, जो शनिवार के भूकंप के बाद आंशिक रूप से निलंबित थीं, रात 10 बजे फिर से शुरू होने की उम्मीद है। जापानी मीडिया ने कहा कि जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने सुनामी की एडवाइजरी को हटा लिया है, जो शनिवार शाम को पूर्वोत्तर जापान में भूकंप आने के बाद जारी किया गया था।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, शनिवार दोपहर देश की राजधानी टोक्यो के करीब भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र टोक्यो से 362 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व में था। जापान की मीटिरोलॉजिकल एजेंसी (JMA) ने भूकंप के झटके आने के बाद सुनामी की एडवाइजरी जारी कर दी है। JMA के अनुसार, 2011 में भूकंप और सुनामी से प्रभावित क्षेत्र मियागी में भूकंप के झटके आए।
अभी ही हुआ सुनामी का एक दशक
अभी हाल में ही 11 मार्च को जापान में आए भयंकर भूकंप व सुनामी का एक दशक बीता है। उस वक्त भूकंप के कारण 6 से दस मीटर ऊंची सुनामी की लहरों ने उत्पात मचाया था। जापान के तटीय इलाकों में बड़े पैमाने पर कहर ढाते हुए तट से 10 किलोमीटर अंदर तक तबाही हुई थी। इसमें 18 हजार लोगों की मौत हो गई थी।
#BREAKING 7.2-magnitude quake off northeast Japan, tsunami advisory issued: JMA pic.twitter.com/62NBWWifgd
— AFP News Agency (@AFP) March 20, 2021
बता दें कि जापान दुनिया के उन इलाकों में से एक है जहां भूकंप के झटके आते रहते हैं। दरअसल, पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमा बनाने वाली रिंग ऑफ फायर पर स्थित यह देश भूकंप के लिए बहुत ही संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है ।