चांद पर सैर के लिए गर्लफ्रेंड तलाश रहे जापान की फैशन कंपनी के अरबपति मालिक
जापान के अरबपति युसाकू मीजावा चांद पर अपने साथ गर्लफ्रेंड लेकर जाना चाह रहे हैं। इसके लिए वो 20 साल की उम्र की लड़कियों की तलाश कर रहे हैं।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। जापान की फैशन कंपनी के अरबपति मालिक युसाकू मीजावा इन दिनों अपने साथ चांद पर ले जाने के लिए एक अदद गर्लफ्रेंड की तलाश कर रहे हैं। मीजावा स्पेसएक्स रॉकेट में बैठकर चांद का चक्कर लगाएंगे, इसी के लिए फिलहाल उन्हें एक गर्लफ्रेंड चाहिए जो इस यादगार पल की गवाह बन सके।
युसाकु मीजावा ने पिछले दिनों जापानी अभिनेत्री से ब्रेक अप की घोषणा की थी। अब उन्हें ऐसी महिला चाहिए जो "सिंगल हो और जिसकी उम्र 20 साल से अधिक" हो। विज्ञापन के मुताबिक उन्हें ऐसी महिला की तलाश है जो जीवन का भरपूर आनंद लेना चाहती हो। मीजावा ऑनलाइन फैशन कंपनी 'जोजो' के पूर्व प्रमुख हैं, बाद में उन्होंने इस कंपनी को याहू को बेच दिया था।
पहले कर चुके डॉलर बांटने का ऐलान
पिछले दिनों युसाकू ने ही ट्विटर पर उन्हें फॉलो करने वालों को 90 लाख डॉलर बांटने का ऐलान किया था। अब इन्होंने एक नया एलान किया है जिसके तहत उनको चांद पर सैर के लिए एक साथी की तलाश है।
टीवी शो में तब्दील होगी तलाश
मीजावा की इस तलाश को एक टीवी शो में तब्दील किया जाएगा। शो को वेब स्ट्रीमिंग सर्विस पर प्रसारित किया जाएगा। मीजावा ने विज्ञापन में कहा है कि जीवन के इस पड़ाव पर आकर वह अकेलापन महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बयान दिया कि मैंने अब तक वैसी ही जिंदगी जी है जैसा कि जीना चाहता था।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
मीजावा का एक भरापूरा परिवार भी है। वो दो महिलाओं से तीन बच्चों के पिता हैं। वो बताते हैं कि अभी मैं 44 साल का हूं। धीरे-धीरे मेरे अंदर एक खालीपन और अकेलापन घर कर रहा हूं। वो कहते हैं कि जिंदगी के खालीपन को दूर करने के लिए एक महिला से प्यार जरूरी है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा है कि चांद पर जाने वाली पहली महिला क्यों नहीं?
चंद दिन बाकी
अरबपति मीजावा की गर्लफ्रेंड बनने के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 17 जनवरी है। मार्च के आखिरी में मीजावा अंतिम फैसला लेंगे लेकिन इसके लिए वह लड़कियों को डेट पर भी ले जाएंगे। यह सब हो जाने के बाद एक गर्लफ्रेंड चुनी जाएगी जो मीजावा के साथ स्पेसएक्स रॉकेट में सवार होकर चांद की ओर जाएगी।
शौकीन और रंगीन मिजाज मीजावा
मीजावा महंगी कलाकृतियां और महंगी स्पोर्ट्स कारों के शौकीन है। वो 2023 में चंद्रमा की यात्रा पर जाने वाले हैं। मीजावा अपनी यात्रा पर कुछ कलाकार को भी साथ ले जाने की योजना बना रहे हैं हालांकि स्पेसएक्स रॉकेट चांद की चक्कर लाएगा लेकिन सतह पर नहीं उतरेगा।
दो अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक
मीजावा की निजी संपत्ति करीब दो अरब डॉलर है और वह जापान के 22वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। पिछले दिनों मीजावा ने ऐलान किया था कि ट्विटर पर उन्हें फॉलो करने वालों में से एक हजार लोगों को चुनकर और उनमें से प्रत्येक को जापानी मुद्रा में 10 लाख येन (यानि 9,000 डॉलर) की रकम देंगे।
इसके लिए उन्होंने एक जनवरी को एक ट्वीट किया था और जिन लोगों ने उसे रिट्वीट किया, उसमें से ही एक हजार लोगों को यह रकम मिलेगी। मीजावा इसके जरिए सिर्फ यह पता लगाना चाहते हैं कि रकम पाने वालों की जिंदगी में क्या और कैसा असर पड़ता है।