ऐसा रोबोट जो व्यायाम करते हुए बहाता है पसीना
साइंस रोबोटिक्स जर्नल में छपे शोध के अनुसार पहली बार किसी रोबोट में पर्सपिरेशनल सिस्टम लगाया गया है।
टोक्यो, प्रेट्र : वैज्ञानिकों ने एक ऐसे ह्यूमनॉइड रोबोट को विकसित किया है जो मनुष्यों की तरह ही व्यायाम करते हुए पसीना बहा सकता है। मानव शरीर जैसी आकृति होने के कारण इसे ह्यूमनॉइड रोबोट कहा जाता है।
जापान के टोक्यो विवि में विकसित इस रोबोट का नाम केंगोरो है। इसमें कृत्रिम पर्सपिरेशन सिस्टम (पसीना बहाने के लिए) लगाया गया है। केंगोरो मनुष्यों की तरह ही उठक-बैठक और पुश-अप्स जैसे व्यायाम कर सकता है। हालांकि व्यायाम के कारण यह बहुत गर्म हो जाता है। रोबोट को गर्मी से बचाने के लिए उसमें पर्सपिरेशन सिस्टम से पानी प्रवाहित किया जाता है जो भाप बनकर शरीर से बाहर निकल आता है।
साइंस रोबोटिक्स जर्नल में छपे शोध के अनुसार पहली बार किसी रोबोट में पर्सपिरेशनल सिस्टम लगाया गया है। जापान के वैज्ञानिकों की टीम पिछले कई सालों से ह्यूमनॉइड रोबोट विकसित करने में जुटी है। 2001 में रोबोट केंटा के विकसित होने से शुरू हुई श्रृंखला का सबसे उन्नत रूप केंगारो है।