स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने की बधाई देते हुए इजरायल बोला, भारत बनेगा नई खोजों की महाशक्ति
इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हरगोज विगत सोमवार को भारत की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के समारोह में शामिल हुए और भारत-इजरायल के तीस साल के कूटनीतिक संबंध पूरे होने पर सैकड़ों स्थानीय भारतीय वहां एकत्र हुए।
तेल अवीव, एजेंसी। इजरायल के वरिष्ठ नेताओं ने भारत को स्वतंत्रता के 75 साल पूरे करने की बधाई देते हुए कहा कि देश क्षेत्रीय और वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। साथ ही विश्व को बेहतर स्थान बनाने की दिशा में भारत 'नई खोजों की महाशक्ति' बन जाएगा। इसके अलावा, श्रीलंका की युवा हस्तियों ने भारत को 76वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं अमेरिका के न्यूयार्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में भी तिरंगे का एनिमेटेड प्रदर्शन किया गया।
इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हरगोज विगत सोमवार को भारत की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के समारोह में शामिल हुए और भारत-इजरायल के तीस साल के कूटनीतिक संबंध पूरे होने पर सैकड़ों स्थानीय भारतीय वहां एकत्र हुए। इस अवसर पर हरगोज ने कहा कि भारत प्रभावशाली तरीके से क्षेत्रीय और वैश्विक शक्ति के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि जितने बड़े स्तर पर भारत अपने संलिप्तता बढ़ाएगा उतने ही तेजी से सकारात्मक बदलाव आएंगे। इजरायल भारतीय राष्ट्रीयता के गौरव के शानदार समारोह में उसका साझीदार है। हम उन्हें शांति और समृद्धि की शुभकामनाएं देते हैं। चमकदार भविष्य के वादे को सुरक्षित रखते हुए हम दोनों देश ऐसे ही साथ काम करते हुए आगे बढ़ते रहेंगे। इजरायली राष्ट्रपति ने दोनों देशों के प्राचीन गौरवशाली इतिहास का उल्लेख कर कहा कि दोनों ही प्राचीन देश सदियों की शिक्षाओं व विरासत से समृद्ध हैं।
श्रीलंका की युवा हस्तियों ने भारत को 76वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी
इस बीच, पड़ोसी देश श्रीलंका की युवा हस्तियों ने भी भारत को स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर बधाई दी है। श्रीलंका के यूथ सिलेब्रिटी फोरम के संगीतकारों, अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं ने इस अवसर पर दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों की कामना की है। गायक-अभिनेता देवनाका पोराज ने कहा कि ब्रिटिश शासन से अपनी आजादी के लिए दोनों ही देश एक साथ लड़े थे। हमारा समान धार्मिक भाईचारा है। संगीतकार हाशिनी वेदांदा ने श्रीलंका के समर्थन के लिए भारत को धन्यवाद दिया।
न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर को तिरंगे के तीन रंगों से रोशन किया गया
इसी तरह, अमेरिका के न्यूयार्क में स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर को 15 अगस्त को तिरंगे के तीन रंगों से रोशन किया गया है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर अमेरिका की सबसे ऊंची इमारत है जो 9/11 के आतंकी हमले के घटनास्थल पर स्थित है।