विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस्लामाबाद में ईरान-पाकिस्तान की अहम मुलाकात, क्या US-Iran युद्ध का निकलेगा हल?

Published: Tue, 21 Jul 2026 05:13 PM (IST)

ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौते के टूटने के बाद पाकिस्तान के दौरे पर हैं।

पाकिस्तान-ईरान के बीच अहम मुलाकात (फोटो-सोशल मीडिया)

पाकिस्तान-ईरान के बीच अहम मुलाकात (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. ईरान के गृह मंत्री मोमेनी ने पाकिस्तान में महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

  2. अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौता टूटने के बाद पाकिस्तान में चर्चा।

  3. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मिले।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौता टूटने के बाद पाकिस्तान में बातचीत का दौर जारी है। ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचे हैं।

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, दो अधिकारियों ने बताया कि ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।

शहबाज शरीफ से मिले ईरान के गृह मंत्री

ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने आज मंगलवार, 21 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंचकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत की है।

अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बात करने की इजाजत नहीं थी। अधिकारियों ने तुरंत बैठक का विवरण जारी नहीं किया।

पाकिस्तान और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई इस बैठक के बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका और ईरान फिर एक बार बातचीत के लिए आमने-सामने आएंगे।

अमेरिका-ईरान के बीच टूटा सीजफायर

अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिनों के युद्धविराम का समझौता हुआ था और उसमें यह तय हुआ था कि अंतिम समझौते तक दोनों देश एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे, लेकिन ये सीजफायर एक महीने भी नहीं टिक सका।

अमेरिका-ईरान के बीच तनाव लगातार जारी है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। दोनों देशों ने सैन्य ठिकानों के साथ ही बुनियादी ढांचों पर भी हमले तेज कर दिए हैं।

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सीजफायर टूटने के बाद कहा था, 'अमेरिका ने इस्लामाबाद एमओयू के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया है। अब तेहरान भी समझौते का पालन नहीं करेगा, क्योंकि समझौते का अब कोई मतलब नहीं रह गया है। फिलहाल ईरान का पूरा ध्यान देश की रक्षा पर है।'

अमेरिका ने भी युद्धविराम से जुड़े शुरुआती समझौते से पीछे हटने का एलान करते हुए अपनी सभी प्रतिबद्धताओं को स्थगित करने की घोषणा कर दी थी।

(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- CJP प्रोटेस्ट का पाकिस्तान कनेक्शन: कहां लिखी गई संसद मार्च की स्क्रिप्ट? विदेशी फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट की जांच शुरू