विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद विमान लापता, दुर्घटना की आशंका, 62 लोग थे सवार

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Sat, 09 Jan 2021 04:38 PM (IST)Updated: Sat, 09 Jan 2021 11:05 PM (IST)

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद एक हवाई जहाज का संपर्क शनिवार को लापता हो गया। इस ...और पढ़ें

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद एक हवाई जहाज का संपर्क शनिवार को टूट गया।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद एक हवाई जहाज का संपर्क शनिवार को टूट गया।

जकार्ता, एजेंसियां। इंडोनेशिया (Indonesia) में घरेलू उड़ान के दौरान श्रीविजया एयरलाइन का एक विमान शनिवार को लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 62 लोग सवार थे। बचावकर्मियों ने राजधानी जकार्ता के पास समुद्र में विमान का मलबा देखे जाने की बात कही है। इंडोनेशिया की नौसेना का कहना है कि उसने लापता विमान की लोकेशन का पता लगा लिया है। विमान ने जकार्ता से पोंटियनाक (Pontianak) के लिए उड़ान भरी थी जो इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थत पश्चिम कालीमंतन प्रांत (Kalimantan province) की राजधानी है। 

चार मिनट बाद ही राडार से हुआ गायब 

इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री बुदी कार्या सुमादी ने बताया कि एयरलाइन के इस बोइंग 737-500 विमान (एसजे182) ने जकार्ता से करीब एक घंटे देरी से स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.36 बजे उड़ान भरी थी और चार मिनट बाद ही यह रडार से गायब हो गया था। विमान पर चालक दल के 12 सदस्यों समेत कुल 62 लोग सवार थे। एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विमान जकार्ता से बोर्नियो द्वीप पर पश्चिम कालीमंतन प्रांत की राजधानी पोंटियानक जा रहा था और यह सफर करीब 90 मिनट का था। 

उत्तरी समुद्र में मलबा मिला 

जकार्ता से पोंटियानक की उड़ान के दौरान विमान काफी समय तक जावा समुद्र के ऊपर सफर करता है। देश की खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख बागस पुरुहितो ने बताया कि जकार्ता के उत्तरी समुद्र में खोज के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक कोई रेडियो सिग्नल नहीं मिला है। जबकि बचाव एजेंसी के एक अन्य अधिकारी अगस हरयोनो ने बताया कि बचाव दल को जकार्ता के उत्तरी समुद्र में मलबा मिला है जो संभवत: इसी विमान का है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। 

27 साल पुराना था विमान 

बचाव एजेंसी के एक अधिकारी अगस हरयोनो ने बताया कि बचाव दल को जकार्ता के उत्तर में समुद्र में एक विमान का मलबा मिला है। कुछ स्थानीय मछुआरों ने भी मलबा मिलने की बात कही है। कुछ मछुआरों ने भी मलबा मिलने की बात कही और देश के कुछ चैनलों ने भी संभावित मलबे की तस्वीरें दिखाईं। फ्लाइटरडार24 ट्रैकिंग डाटा के मुताबिक यह विमान करीब 27 साल पुराना था। जबकि विशेषज्ञ एक नागरिक विमान की आयु करीब 25 साल मानते हैं।

साल 2018 में हुई थी ऐसी ही दुर्घटना

बता दें कि इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप समूह राष्ट्र है और यहां की आबादी करीब 26 करोड़ है। क्षमता से ज्यादा लोगों के सवार होने, पुराने हो चुके बुनियादी ढांचे और सुरक्षा मानकों को ठीक से लागू नहीं करने की वजह से यहां काफी दुर्घटनाएं होती हैं। इससे पहले 2018 के आखिर में लायंस एयर का एक बोइंग 737 मैक्स विमान जकार्ता में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 189 लोगों की मौत हुई थी। शनिवार को लापता हुआ विमान उस विमान से काफी पुराना था।

साल 1978 में एयर इंडिया का विमान हुआ था क्रैश 

विमान निर्माता अमेरिकी कंपनी बोइंग के विमान पहले भी हादसे के शिकार होते रहे हैं। साल 1978 में एयर इंडिया का बोइंग 747 विमान पहली जनवरी को 213 यात्रियों के साथ समु्द्र में समा गया था। सम्राट अशोक नाम के इस विमान ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और कुछ देर बाद हादसे का शिकार हो गया था। हादसे की वजह किसी यांत्रिक खराबी को बताया गया था। इस विमान में चालक दल के 23 सदस्य और 190 यात्री सवार थे। 

2018 और 2019 में हुए कई हादसे 

उल्‍लेखनीय है कि साल 2018 और 2019 के पांच महीने के दरम्‍यान इंडोनेशिया और इथोपिया में 737 मैक्स विमान के साथ कई हादसे हुए थे। इंडोनेशिया और इथियोपिया में हुए हादसों में 346 लोगों के मारे जाने के बाद दुनियाभर के देशों ने मैक्स विमान का परिचालन बंद कर दिया था। इसके बाद हादसों को लेकर कई तरह की जांचों का सिलसिला शुरू हो गया। इन विमानों की निर्माता अमेरिकी कंपनी बोइंग आलोचकों के निशाने पर आ गई थी जिसको काफी नुकसान उठाना पड़ा था। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।