Move to Jagran APP

यूरोप में मरने वालों की संख्या 75 हजार के पार, दुनियाभर में एक लाख 13 हजार से ज्यादा मौतें

दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले 18 लाख को पार कर गए हैं। विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन का कहना है कि असल आंकड़े ज्‍यादा हो सकते हैं। जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 11 Apr 2020 06:49 PM (IST)Updated: Mon, 13 Apr 2020 01:57 AM (IST)
यूरोप में मरने वालों की संख्या 75 हजार के पार, दुनियाभर में एक लाख 13 हजार से ज्यादा मौतें
यूरोप में मरने वालों की संख्या 75 हजार के पार, दुनियाभर में एक लाख 13 हजार से ज्यादा मौतें

पेरिस, एजेंसियां। दुनियाभर में इस महामारी से एक लाख 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 18 लाख 37 हजार से ज्यादा संक्रमित हुए हैं। अब तक चार लाख 20 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं। यूरोप में कोरोना से मरने वालों की संख्या 75 हजार से ज्यादा हो गई है। यूरोप के चार बड़े देश इटली, स्पेन, फ्रांस और ब्रिटेन इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यूरोप में 909,673 लोग संक्रमित हैं। वहीं अमेरिका में हालात और बिगड़ते जा रहे हैं और एक ही दिन में 2108 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्‍या 18,777 तक पहुंच गई है। महामारी पर नियंत्रण पा चुके चीन की मुश्किलें फ‍िर बढ़ती नजर आ रही हैं। चीन में संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए हैं। स्‍पेन में रोज होने वाली मौतों में कमी आई है वहां बीते 24 घंटे में 510 लोगों की मौत हो गई है। 

loksabha election banner

सऊदी अरब ने लगाया कर्फ्यू 

दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इस वायरस से तेज प्रसार को रोकने के लिए सऊदी अरब ने पूरे देश में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। पिछले सप्ताह राजधानी रियाद सहित कुछ दूसरे बड़े शहरों में 24 घंटे के कफ्र्यू का एलान किया था। सऊदी अरब में अब रोज करीब तीन सौ के नए मामले सामने आ रहे हैं। अब तक 4033 लोग संक्रमित हो चुके जबकि 52 लोगों की मौत हो चुकी है। छह खाड़ी देशों में सर्वाधिक प्रभावित सऊदी अरब ही है। 

यूएई ने चेतावनी दी 

खाड़ी देशों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दूसरा ऐसा देश है जो कोरोना से प्रभावित है। यहां पर 3,736 लोग संक्रमित हैं और 20 की मौत हो चुकी। खास बात यह है कि खाड़ी देशों में नेपाल, भारत और फिलीपींस से ताल्लुक रखने वाले कामगारों में प्रमुखता से संक्रमण देखा जा रहा है। यूएई ने चेतावनी दी है कि जो देश अपने नागरिकों को वापस नहीं ले रहे हैं, उनके साथ श्रमिकों को लेकर किए गए समझौतों की समीक्षा की जाएगी और हर देश के लिए दोबारा श्रमिक कोटा तय किया जाएगा। 

तीन हफ्ते बाद इटली में कम मौतें 

इटली के राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख एंजेलो बोरेली ने रविवार को कहा कि तीन हफ्ते बाद रविवार को देश में सबसे कम 431 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले 19 मार्च को 427 लोगों की जान गई थी। मृतकों की संख्या 19,899 हो गई है। वैसे इटली में पिछले कई दिनों से मृतकों की संख्या कम हो रही है और स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है। इससे देश को इस महामारी से राहत मिलने की उम्मीदें तेज हो गई हैं।

ईरान में 117 और लोगों की मौत

पिछले चौबीस घंटों में ईरान में 117 लोगों की मौत हुई है। वहां मरने वालों की संख्या 4,474 हो गई । संक्रमित मरीजों की संख्या 71,866 हो चुकी है। वहीं, यूएई में भारत के राजदूत पवन कपूर ने गल्फ न्यूज से कहा, 'खाड़ी देशों में फंसे भारतीय कामगारों को देश ले जाने की कोई योजना नहीं है। मौजूदा स्थिति में सबसे अच्छा यह है कि जो जहां है, वहीं रहे। एक बार लॉकडाउन खत्म होने के बाद हम इन्हें देश वापस आने में जरूर मदद करेंगे।'

जापान के पीएम पर भड़के ट्विटर यूजर

जापान के प्रधानमंत्री एबी शिंजो को लोगों को घर पर रहने की सलाह देना भारी पड़ा। दरअसल, उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने कुत्ते के साथ सोफे पर लेटे हुए चाय पी रहे हैं और लोगों को घर पर रहने की सलाह दे रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, यूजर ने उनकी जमकर क्लास ली। एक यूजर ने लिखा कि एबी का संदेश उन लोगों की दिक्कतों को नजरअंदाज करता है जो इस महामारी के दौरान रोजी-रोटी के संकट का सामना कर रहे हैं। जापान में अभी तक संक्रमण के 6,000 मामलों की पुष्टि हुई हैं।

अमेरिका में कोरोना का कहर जारी

अमेरिका में कोरोना कहर बना हुआ है। देश में पांच लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 21,300 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। न्यूयॉर्क राज्य का हाल सबसे ज्यादा खराब है। यहां एक दिन में 758 लोगों की मौत हुई है। अब तक 9,385 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि, एक लाख 80 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं।

फ्रांस और स्पेन में कोरोना से मौतों में कमी

फ्रांस और स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या कम हुई है। स्पेन में जहां 510 लोगों की मौत हुई है, वहीं फ्रांस में 635 लोगों की जान गई है। स्पेन में मृतकों की संख्या 16,353 हो गई है। जबकि, फ्रांस में मृतकों का आंकड़ा 13,832 पर पहुंच गया है। स्पेन में 23 मार्च के बाद यह पहला मौका जब एक दिन में मृतकों की संख्या इतनी कम है। संक्रमण के 4800 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 161,852 हो गई है। इटली और अमेरिका के बाद महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन के लिए मौत और संक्रमण के आंकड़ों में कमी एक उत्साहजनक संकेत है। 

मैक्सिको ने सड़कों को किया लॉक 

मैक्सिको के समुद्र तटीय शहरों में कोई घुस नहीं सके, इसके लिए वहां के लोगों ने सड़कों को विभिन्न अवरोधों के माध्यम से बंद कर दिया है। अगर कोई भी इन शहरों में घुसने की कोशिश करेगा तो उसे 12 दिनों तक क्वांरटाइन में रहना होगा।

इटली में एक दिन में संक्रमितों की संख्या बढ़ी

इटली में शनिवार को 1,996 नए सामने आए। एक हफ्ते में एक दिन में संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है। संक्रमितों का आंकड़ा 1,52,000 हो गया है। 619 लोगों की मौत भी हुई है। इटली में अब तक इस महामारी से 19,468 की जान जा चुकी है। अब तक 32 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

स्पेन में मृतकों की संख्या फिर बढ़ी

शनिवार के मुकाबले रविवार को स्पेन में मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई। पिछले चौबीस घंटे में यहां 619 लोगों की जान गई। मरने वालों की कुल संख्या 16,972 हो गई है। रविवार को संक्रमण के 4167 मामले सामने आए। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 166,019 हो गई है। स्पेन में लॉकडाउन को खोलने के क्रमिक उपायों पर विचार शुरू हो गया है। सोमवार से निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में श्रमिकों को काम की अनुमति होगी। हालांकि स्पेन ने फ्रांस और पुर्तगाल से लगती सीमा पर आवाजाही पर प्रतिबंध को दो सप्ताह और बढ़ा दिया है। 

ब्राजील में अमेजन जनजाति के 15 वर्षीय लड़के की मौत 

ब्राजील में अमेजन जनजाति के एक 15 वर्षीय लड़के की कोरोना से मौत हो गई। उसे श्वसन संबंधी दिक्कतों के चलते गुरुवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जनजाति के लिए काम करने वाली एक संस्था का कहना है कि यह लड़का कई अन्य के संपर्क में रहा है। संस्था ने लड़के को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाया। ब्राजील में 19,638 लोग संक्रमित हैं और 1056 लोगों की मौत हो चुकी है। देश की व्यावसायिक राजधानी साओ पॉलो सर्वाधिक प्रभावित है। विशेषज्ञों ने अप्रैल के आखिरी में महामारी के चरम पर पहुंचने की आशंका जताई है। 

पाकिस्तान के ईसाइयों पर कोरोना की मार 

पाकिस्तान में पहले से अछूत बनकर जी रहे ईसाइयों पर कोरोना की मार पड़ी है। आमिर गिल नाम के एक क्लीनर को उसके मालिक ने ईस्टर से एक दिन पहले से बिना किसी चेतावनी के काम से निकाल दिया। गिल ने कहा कि हम तो पहले से ही अछूत थे और अब अमीर लोग समझते हैं कि हम इस महामारी को उनके घर नहीं ले आएं। उधर, पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के पांच मरीजों की मौत हुई है। इस तरह देश में मृतकों की संख्या 71 हो गई। वहीं चीन का एक विमान वेंटीलेटर और पीपीई किट लेकर शनिवार को पाकिस्तान पहुंचा। 

चीन में 34 बिना लक्षण वाले मामले 

चीन में कोरोना संक्रमण के 46 नए मामलों में से चार घरेलू संक्रमण के हैं। एक दिन पहले संक्रमण की संख्या 42 थी। कोरोना वायरस के 34 ऐसे मामलों का भी पता चला है, जिनमें संक्रमण के कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। चीन में इस वैश्विक महामारी से तीन और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,339 हो गई है। चीन में शुक्रवार तक विदेशों से आए संक्रमित लोगों की संख्या 1,183 दर्ज थी। इनमें से 449 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और 734 लोगों का उपचार किया जा रहा है इनमें से 37 की हालत गंभीर है। इसके साथ ही चीन में संक्रमित लोगों की कुल संख्या शुक्रवार को 81,953 पर जा पहुंची है जिनमें 1,089 मरीजों का उपचार जारी है। 

चीन की मुश्किलें बढ़ा रहे ये राज्‍य 

चीन के जिन प्रांतों की सीमा रूस से लगती है, वहां पर संक्रमण में बढ़ोतरी देखी जा रही है। उत्तरी-पूर्वी हेइलोंगजियांग प्रांत के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को यहां पर संक्रमण के कुल 23 नए मामलों का पता चला, इनमें 22 चीनी नागरिक रूस से राजधानी हार्बिन पहुंचे थे। इसी तरह इनर मंगोलिया में शनिवार सुबह तक संक्रमण के 27 मामले दर्ज किए हैं। ये सभी लोग भी रूस से यहां आए हैं। वहीं दक्षिणी चीन के सबसे बड़े शहर गुआंग्झू में रहने वाले अफ्रीकी समुदाय के लोगों ने संक्रमण के संदेह में स्थानीय अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनसे ना केवल घर खाली कराए जा रहे हैं बल्कि क्वांरटाइन में भेजने के साथ ही बड़े पैमाने पर टेस्टिंग भी कराई जा रही है। 

श्रीलंका ने बढ़ाई पेट्रोलिंग 

- भारत के मछुआरों से कोरोना की महामारी नहीं फैले, इसके लिए श्रीलंका की नौसेना ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। 

- काबुल स्थित राष्ट्रपति के महल के 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले। 

- जापान ने अपने नागरिकों से बार और रेस्तरां नहीं जाने की अपील की है। 

- जापान में सात अप्रैल को आपातकाल की घोषणा की गई थी। अभी तक वहां 100 लोगों की मौत हो चुकी है। 

- 10 दिनों के इलाज के बाद तुर्की में एक 93 साल का व्यक्ति ठीक हुआ है। 

देश मौतें संक्रमित 

अमेरिका 21,300-533,470

इटली 19,899-152,271

स्पेन 16,972-166,019

फ्रांस 14,393-129,654

ब्रिटेन 9,875-78,991

ईरान 4,474-71,686

बेल्जियम 3,600-29,647

चीन 3,339-82,052

फ्रांस में ताबूत बनाने के लिए करना पड़ रहा ओवरटाइम

फ्रांस में कोरोना महामारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ताबूत बनाने वाली कंपनी के कर्मचारियों को मांग पूरी करने के लिए ओवरटाइम करना पड़ रहा है। यूरोप की सबसे बड़ी ताबूत बनाने वाली कंपनी ओजीएफ के डायरेक्टर इमैनुएल गैरेट ने कहा, 'महामारी के चलते हमने ताबूतों के सिर्फ चार मॉडल बनाने का फैसला किया। हालांकि हम सामान्य दिनों में 15 तरह के ताबूत बनाते थे।' उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में हम 370 ताबूत बनाते थे, लेकिन अब हम प्रत्येक दिन 410 ताबूत बना रहे हैं। इसके लिए कर्मचारियों को प्रतिदिन एक घंटा अधिक काम करना पड़ रहा है। फ्रांस में रविवार को 561 लोगों की मौत हुई और मृतकों का आंकड़ा 14,393 पर पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों से मरने वालों की संख्या कम हुई है और अधिकारियों का कहना है कि लॉकडाउन के चलते ऐसा हुआ है।

क्‍यूबा ने अमेरिकी प्रतिबंधों की आलोचना की 

क्यूबा ने अमेरिका द्वारा लगाए गए कड़े प्रतिबंधों की आलोचना की है। यहां पर अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 564 लोग संक्रमित हैं। वहीं स्वीडन में एयरलाइन और होटल कर्मचारी संक्रमण के डर से अस्पताल और नर्सिग होम में काम करने से कतरा रहे हैं। यहां पर अब तक संक्रमण से 900 लोगों की मौत हो चुकी है। कांगो इबोला के साथ ही कोरोना की महामारी से जूझ रहा है। वहां पर पिछले 18 महीनों के दौरान इबोला से दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.