विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप-शी और पुतिन के बीच 70 मिनट चली बैठक, परमाणु समझौते पर नहीं बनी बात

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:11 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच 70 मिनट की बैठक में परमाणु हथियारों पर कोई ठोस समझौता नहीं हो सका।

बैठक में परमाणु समझौते पर नहीं बनी बात। (फोटो-रॉयटर्स)

बैठक में परमाणु समझौते पर नहीं बनी बात। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. परमाणु समझौते पर 70 मिनट की बैठक में नहीं बनी सहमति।

  2. परमाणु जोखिम घटाने और शांति पर बातचीत जारी रखने का वादा।

  3. ट्रंप ने इस बैठक को ऐतिहासिक अवसर बताया।

डिजिटल डेस्क, शेनजेन। दुनिया की तीन बड़ी परमाणु शक्तियों के शीर्ष नेता एक मंच पर आए, परमाणु हथियारों का खतरा कम करने और विश्व शांति की बड़ी-बड़ी बातें हुईं, लेकिन 70 मिनट की बातचीत के बाद भी कोई ठोस रास्ता नहीं निकल सका।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को हुई त्रिपक्षीय बैठक से नए परमाणु समझौते की उम्मीद जगी थी, लेकिन हथियारों की होड़ पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस पहल सामने नहीं आई।

हालांकि, बैठक के बाद जारी संयुक्त 'शांति घोषणा' में तीनों देशों ने परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत जारी रखने का वादा किया।

चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, इसमें स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व पर भी जोर दिया गया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र में सुधार, जीवाश्म ईंधन के अधिक शोधन और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आइसीसी) के अधिकार क्षेत्र को सीमित करने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी।

बैठक से पहले ट्रंप ने शी और पुतिन को अपना मित्र बताते हुए कहा था कि अमेरिका, रूस और चीन परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल का खतरा घटाने में विशिष्ट भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने इसे इतिहास रचने वाला अवसर बताया। अपनी शुरुआती टिप्पणी में ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय को भी निशाने पर लिया और उसे 'मनमानी करने वाला वैश्विक संगठन' करार दिया।

वहीं, शी चिनफिंग ने विश्व शांति के लिए तीनों देशों के बीच करीबी सहयोग की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि बड़ी शक्तियों को संवेदनशील मुद्दों पर एक-दूसरे की 'रेड लाइन' का उल्लंघन नहीं करना चाहिए।

शी ने परमाणु मुक्त दुनिया की वकालत करते हुए परमाणु हथियारों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और उन्हें नष्ट करने की बात कही। दूसरी ओर, पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने को तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी बताया।

बैठक के बाद तीनों नेताओं के बयानों में सकारात्मकता जरूर दिखी, लेकिन उसके ठोस नतीजे सामने नहीं आए। शी ने वार्ता को सकारात्मक और रचनात्मक बताया, जबकि पुतिन ने इसे खुली और स्पष्ट चर्चा करार दिया। ट्रंप हालांकि पत्रकारों से बातचीत किए बिना ही विला से निकले और एयरफोर्स वन में सवार हो गए।

इस बैठक को ट्रंप के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा था। अमेरिका के दो प्रमुख रणनीतिक प्रतिद्वंद्वियों चीन और रूस के नेताओं को एक साथ बातचीत की मेज पर लाना अपने आप में अहम था।

ट्रंप इसके जरिये यह संदेश देना चाहते थे कि वैश्विक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद तीनों परमाणु शक्तियां साझा हितों पर साथ आ सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक को पूरी तरह बेकार नहीं कहा जा सकता। इससे भविष्य में परमाणु हथियारों की संख्या घटाने और जोखिम कम करने के लिए नियमित बातचीत का रास्ता खुल सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।