साउथ चाइना सी में भिड़े चीन और फिलीपींस, री-फ्यूलिंग मिशन पर गई सरकारी नाव को चीनी जहाज ने मारी टक्कर
दक्षिण चीन सागर में चीनी कोस्ट गार्ड के जहाज ने फिलिपीनी सरकारी नाव 'BRP दातु मगत सलामत' को टक्कर मार दी।
HighLights
चीनी कोस्ट गार्ड ने फिलिपीनी सरकारी नाव को टक्कर मारी
फिलिपीनी नाव मछुआरों के लिए ईंधन भरने जा रही थी
टक्कर से नाव के ढांचे को नुकसान पहुंचा, कोई घायल नहीं
डिजिटल डेस्क, मनीला। साउथ चाइना सी में चीनी कोस्ट गार्ड के जहाज ने एक फिलीपिंस की नाव को टक्कर मार दी। शुक्रवार को यह जानकारी फिलिपीनी कोस्ट गार्ड ने दी।
फिलिपीन के 'ब्यूरो ऑफ फिशरीज एंड एक्वेटिक रिसोर्सेज' (BFAR) के जहाज, 'BRP दातु मगत सलामत' को तब टक्कर मारी गई, जब वह पलावान प्रांत के तट से लगभग 54 नॉटिकल मील दूर फिलिपीनी मछुआरों के जहाज में रेफ्युलिंग करने जा रहा था।
कोस्ट गार्ड ने बताया कि चीनी जहाज ने कई खतरनाक हरकतें कीं और आखिर में उस जहाज से टकरा गया, जिससे उसकी रेलिंग और डेक के ढांचे को नुकसान पहुंचा, गनीमत रही की टक्कर के बाद किसी को चोट नहीं आई।
घटना का एक वीडियो जारी करते हुए कोस्ट गार्ड ने कहा, 'चीन के कोस्ट गार्ड ने जान-बूझकर एक सरकारी जहाज को टक्कर मारी, जो मानवीय और आजीविका से जुड़े मिशन पर था।'
चीनी ने फिलिपीनी नाव को टक्कर मारी
इस बीच, चीनी कोस्ट गार्ड ने इसे कानून लागू करने वाला ऑपरेशन बताया और फिलीपींस के जहाज पर आरोप लगाया कि उसने 'बार-बार दी गई गंभीर चेतावनियों को नजरअंदाज किया और जानबूझकर अपना रास्ता बदला।
अचानक तेजी से आगे बढ़कर हमारे जहाज के सामने से गुजरने की कोशिश की।' साथ ही, उन्होंने कहा कि उनकी नाव ने पेशेवर तरीके से काम किया और टक्कर के लिए फिलीपींस को जिम्मेदार ठहराया।
साउथ चाइना सी में विवादित स्थिति के कारण ऐसी घटनाएं कभी-कभार होती रहती हैं। जुलाई में, फिलीपींस ने चीन पर स्कारबोरो शोल के पास सरकारी जहाजों पर वॉटर कैनन से हमला करने का आरोप लगाया था।
टक्कर से नाव के ढांचे को नुकसान पहुंचा
चीन पर यह भी आरोप लगा था कि सेकंड थॉमस शोल में हुई एक झड़प के दौरान उन्होंने फिलीपींस की नौसेना के एक कर्मचारी के सिर पर डंडे से मारा था।
चीन अपनी विशाल 'नाइन-डैश लाइन' के ज़रिए लगभग पूरे इलाके पर अधिकारों का दावा करता है, जबकि मनीला अपने दावे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त 'एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन' (EEZ) और 'कॉन्टिनेंटल शेल्फ' पर आधारित मानता है, जो 'समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन' (UNCLOS) के तहत आते हैं। फिलिपीन कोस्ट गार्ड इन हिस्सों को 'वेस्ट फिलीपीन सी' कहता है।
