दक्षिण चीन में और हो सकती है बारिश, बाढ़ के बाद सफाई का काम जारी
चीन में बाढ़ के कारण प्रभावित दक्षिणी इलाके में सफाई का काम जारी है लेकिन मौसम विभाग ने और भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
बीजिंग, एपी। बाढ़ के बाद दक्षिण चीन के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भी सफाई का काम जारी है। इस बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत हो गई वहीं कई लापता बताए जा रहे हैं। देश के मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि आने वाले दिनों में और बारिश हो सकती है।
इस बाढ़ के कारण सबसे अधिक हुनान और गुआंगक्सी क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। करीब 30 लाख लोग इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए। इसमें से 2 लाख 28 हजार लोग बेघर हो गए हैं। इस बाढ़ के पानी में 1,300 घर बह गए। आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय (Ministry of Emergency Management) के अनुसार, इस बाढ़ के कारण 500 मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है।
यांगजे ( Yangtze) नदी के किनारे स्थित वुहान में भी हालात की निगरानी की जा रही है जहां से वैश्विक महामारी कोविड-19 की शुरुआत हुई थी। यह जानकारी गुरुवार को जल संसाधन के वाइस प्रेसीडेंट ये जियानचुन (Ye Jianchun) ने दी। महामारी के कारण पहले ही गुआंगक्सी का टूरिज्म सेक्टर सबसे अधिक प्रभावित हुआ और अब बाढ़ के कारण भी नुकसान झेल रहा है।
आपदा प्रबंधन मंत्रालय ने बताया है कि 2 जून से अब तक करीब 2 लाख 28 हजार लोगों को आपातकालीन हालात में शरणस्थलों पर भेजा जा चुका है। शुरुआती आकलन में अंदाजा लगाया गया है कि बाढ़ से कम के कम 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। इसमें 1000 से ज्यादा घरों में मची तबाही शामिल है। गुआंक्सी में बाढ़ के कारण 6 लोगों की मौत हो चुकी है और एक लापता है हुनान प्रांत में 7 लोगों की मौत हो गई और लापता बताया जा रहा है। यहां दक्षिण के यांगजी और पर्ल मेजर रिवर सिस्टम में ऐसे ही हालात होते हैं। प्रशासन ने बांध के इस्तेमाल से परेशानियों को कम करने की कोशिश की है।
कोरोना वायरस की महामारी को लेकर चीन पहले ही दुनिया भर के देशों की निगाह में खटक रहा है और अब प्राकृतिक आपदा बाढ़ के कारण वहां के हालात बदतर हो चुके हैं। आने वाले दिनों में लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। अलग-अलग इलाकों में कई लोगों की मौत की खबरें हैं जबकि लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। बाढ़ के कारण करोड़ों डॉलर का नुकसान भी हो चुका है। साउथ और सेंट्रल चीन में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। यहां कम से कम एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। सरकार ने इस बारे में बुधवार को जानकारी दी है। अगले कुछ दिन में दक्षिण चीन में और भारी बारिश का अनुमान है। इसके लिए पूरे देश में राहत और बचावकार्य के लिए दल भेजे गए हैं जो लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों में उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएंगे।