मोदी और चिनफिंग ने वुहान की ईस्ट लेक में नौका विहार का लुत्फ उठाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को ईस्ट लेक के किनारे एक साथ चहलकदमी की।
वुहान, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को ईस्ट लेक के किनारे एक साथ चहलकदमी की। इसके बाद दोनों नेताओं ने दोस्ताना माहौल में आधे घंटे तक नौका विहार का लुत्फ उठाया।
चाय पर चर्चा के बाद मोदी और चिनफिंग ने झील के किनारे एक साथ टहलते हुए बातचीत की। इस दौरान अनुवादकों के अलावा उनके साथ और कोई मौजूद नहीं था। टहलने के बाद दोनों नेता एक ही नौका पर सवार हुए और शांति, खुशहाली एवं विकास के लिए ईस्ट लेक में नौका विहार का आनंद लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'खूबसूरत ईस्ट लेक में यादगार नौका सवारी की। यह वुहान का प्रमुख स्थल है।'
ईस्ट लेक वुहान शहर की सबसे बड़ी फ्रेश वाटर झील है। यह चीन की सबसे बड़ी शहरी झील है। यह लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जहां हर साल करीब दस लाख पर्यटक आते हैं। नौका सवारी के बाद राष्ट्रपति चिनफिंग ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में निजी भोज आयोजित किया।