चीन की जेल से 3.5 साल के बाद रिहा होगा जापानी फॉर्मा कर्मचारी, जासूसी के आरोप में हुई थी सजा
जासूसी के आरोप में चीन की जेल में साढ़े तीन साल से अधिक समय से बंद जापानी दवा कंपनी एस्टेलस ...और पढ़ें

जेल की तस्वीर (फाइल)।
HighLights
जापानी कर्मचारी साढ़े तीन साल बाद चीन की जेल से रिहा होगा।
एस्टेलस फॉर्मा के कर्मचारी पर जासूसी के आरोप लगे थे।
रिहाई से चीन-जापान के तनावपूर्ण संबंधों में सुधार की उम्मीद।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तीन साल से ज्यादा वक्त से चीन की जेल में बंद जापानी कर्मचारी के अपने देश लौटने की संभावना बन रही है। इससे दोनों देशों के रिश्ते जो खराब दौर से गुजर रहे हैं उसके बेहतर होने की उम्मीद है।
रॉयटर्स ने जापानी मीडिया के हवाले से बताया है कि दवा कंपनी 'एस्टेलस फॉर्मा' के एक जापानी कर्मचारी के दिसंबर के मध्य तक रिहा होकर जापान लौटने की उम्मीद है। उन्हें चीन में जासूसी के आरोप में तीन साल छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी।
जासूसी के संदेह में लिया गया था हिरासत में
क्योदो समाचार एजेंसी और योमिउरी अखबार ने शनिवार देर रात मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। इस कर्मचारी को मार्च 2023 में जासूसी के संदेह में हिरासत में लिया गया था। अगस्त 2024 में उस पर आरोप तय किए गए और जुलाई 2025 में उसे सजा सुनाई गई।
जापान ने जताया खेद
जापान के उप मुख्य कैबिनेट सचिव ने सजा सुनाए जाने के बाद इस फैसले को "बेहद खेदजनक" बताया था। हालांकि उन्होंने कर्मचारी की पहचान या उसके काम के बारे में कोई जानकारी मीडियो को नहीं दी।
टोक्यो और बीजिंग के बीच बढ़ा तनाव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एस्टेलस फार्मा, जापान के विदेश मंत्रालय और टोक्यो स्थित चीनी दूतावास ने टिप्पणी मांगे जाने के लिए किए गए फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दिया। वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय से भी टिप्पणी के अनुरोध करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इस मामले ने टोक्यो और बीजिंग के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।
बुरे दौर में हैं दोनों देशों के संबंध
बता दें कि सुरक्षा चिंताओं और ताइवान से जुड़े विवादों के कारण चीन और जापान के द्विपक्षीय संबंध पहले से ही खराब हो चुके हैं। पिछले साल जापान की सनाए तकाइची के यह कहने के बाद दोनों देशों के रिश्ते और बिगड़ गए थे कि अगर चीन लोकतांत्रिक रूप से शासित ताइवान पर हमला करता है, तो जापान अपनी ओर से सैन्य प्रतिक्रिया दे सकता है।
चीन ने लोगों के लिए जारी किया था अलर्ट
इसके बाद चीन ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया था। चीन ने लोगों से जापान की यात्रा न करने की बात कही। मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग ने जापान को 'रेयर अर्थ' (दुर्लभ मृदा तत्वों) और अन्य खनिजों के निर्यात पर भी रोक लगा दी है। बता दें कि यि सामग्रियां ऑटोमोबाइल से लेकर हथियारों तक के निर्माण के लिए बेहद अहम होती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।