भूकंप के झटकों से हिला चीन का शिनजियांग प्रांत, 6.0 आंकी गई तीव्रता
अमेरिकी भूगर्भ विज्ञान सर्वे के अनुसार भूकंप से इलाके में मिट्टी और लकड़ी से बनी इमारतों को नुकसान हो सकता है।
बीजिंग, एएफपी। चीन के शिनजियांग प्रांत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भ विज्ञान सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.0 आंकी गई है। भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 9:27 पर आया और इसका केंद्र प्राचीन रेशम मार्ग के शहर काशगर से 100 किलोमीटर पूर्व-पूर्वोत्तर था। शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से जानमाल के हानि की कम आशंका है।
यूएसजीएस के अनुसार भूकंप से इलाके में मिट्टी और लकड़ी से बनी इमारतों को नुकसान हो सकता है। भूकंप का केंद्र जहां पर था वहां पहाड़ और रेगिस्तान है और आबादी का घनत्व बहुत कम है।
गौरतलब है कि चीन में नियमित भूकंप आते हैं और खासतौर पर पश्चिमी पहाड़ियों और दक्षिण-पश्चिमी इलाके में और भी ज्यादा भूकंप आते हैं। साल 2003 के फरवरी माह में भी 6.8 तीव्रता का भूकंप शिनजिंयाग प्रांत में आया था, जिसमें 268 लोगों की मौत हुई थी और काफी नुकसान हुआ था।
जापान में भी आया था भूकंप
वहीं, अभी जनवरी के पहले सप्ताह में जापान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। अमेरिकी भूगर्भ विज्ञान सर्वे (USGS) के अनुसार जापान के पूर्वी तट के पास 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था। यह भूकंप स्थानीय समयानुसार 18 बजकर 23 मिनट पर 32 किलोमीटर(19.8 मील) की गहराई पर आया था। भूकंप का केंद्र हसाकी शहर के उत्तर-पूर्व में 41 किलोमीटर (25.4 मील) स्थित अपने उपरिकेंद्र के साथ पंजीकृत किया गया था। हालांकि इस भूकंप में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं हुआ था।
ईरान में भी आया था भूकंप
इससे पहले ईरान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। ईरान में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गई थी। ये भूकंप ईरान के पूर्वोत्तर इलाके में आया था। भूकंप का केंद्र सागान शहर के 8 किमी (5 मील) की गहराई पर था। इस शहर की सीमा अफगानिस्तान से लगती है।