मास्क पर एक हफ्ते सक्रिय रहता है वायरस, करेंसी नोट व प्लास्टिक की सतह पर कई दिन तक रह सकता है जिंदा
CoronaVirus शोधकर्ताओं ने कहा कि इस वायरस से बचाव का फिलहाल सबसे बढ़िया उपाय हाथों को बार-बार धोते रहना है। साथ ही हमें मुंह और आंखों को कम से कम स्पर्श करना चाहिए।
र्बींजग, प्रेट्र। CoronaVirus: कोविड-19 को लेकर एक अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है कि कोरोना वायरस मास्क की बाहरी सतह पर एक हफ्ते तक और करेंसी नोट, स्टेनलेस स्टील व प्लास्टिक की सतह पर कई दिर्न ंजदा रह सकता है। हालांकि घरेलू कीटनाशकों, ब्लीच और साबुन से लगातार हाथ धोकर इसका सफाया भी किया जा सकता है।
हांगकांग के साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट के मुताबिक, हांगकांग विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में कमरे के तापमान पर विभिन्न सतहों पर कोविड-19 की सक्रियता का पता लगाया है। उन्होंने पाया कि लकड़ी और कपड़े पर यह एक दिन तक सक्रिय बना रहा। कांच व बैंक नोट पर चार दिन बाद इसका सफाया हो पाया।
स्टेनलेस स्टील और प्लास्टिक की सतह से पूरी तरह खत्म होने में इसे चार से सात दिन लग गए। शोधकर्ताओं के अनुसार, अचंभे की बात यह थी कि मास्क की बाहरी सतह पर यह सात दिन तक सक्रिय बना रहा। इसलिए बहुत जरूरी है कि जब आप मास्क का इस्तेमाल करें तो ऊपरी सतह को कतई हाथ न लगाएं। इससे आप के हाथों से होकर संक्रमण मुंह और आंखों में पहुंच सकता है।
हांगकांग विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के लियो पून लिटमैन मलिक पीरिस ने कहा कि यह वायरस अनुकूल परिस्थतियों में लंबे समय तक सक्रिय बना रहता है। हालांकि मानक कीटनाशकों से इसका सफाया भी आसानी से किया जा सकता है। शोधकर्ताओं ने बताया कि अन्य सतहों पर यह वायरस समय बीतने के साथ तेजी से खत्म होता है। उन्होंने कहा कि यह शोध लैब में सुरक्षा तरीकों को अपनाते हुए बिना अंगुली या हाथ लगाए किया गया है। इन निष्कर्षों से यह नहीं बताया जा सकता कि संक्रमित सतह के संपर्क में आकर किसी व्यक्ति के संक्रमित होने की कितनी संभावना है।
उल्लेखनीय है पिछले माह नेचर जर्नल में प्रकाशित अमेरिकी शोधकर्ताओं की रिपोर्ट में भी अलग-अलग सतहों पर कोविड-19 की सक्रियता के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी। जिसमें इस वायरस के प्लास्टिक और स्टील की सतह पर 72 घंटे और तांबे की सतह पर 24 घंटे जीवित रहने की बात कही गई थी। शोधकर्ताओं ने कहा कि इस वायरस से बचाव का फिलहाल सबसे बढ़िया उपाय हाथों को बार-बार धोते रहना है। साथ ही हमें मुंह और आंखों को कम से कम स्पर्श करना चाहिए। यह संक्रमण का बड़ा कारण है।