Coronavirus in China: कोरोना फैलने के बाद पहली बार वुहान गए राष्ट्रपति चिनफिंग, अबतक 3,136 लोगों की मौत
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग हालात की जानकारी लेने कोरोना वायरस का केंद्र वहुान पहुंचे। वायरस के फैलने के बाद वह पहली बार यहां पहुंचे हैं।
बीजिंग, एजेंसियां। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग हालात की जानकारी लेने कोरोना वायरस का केंद्र वहुान पहुंचे। समाचार एएफपी के अनुसार वायरस के फैलने के बाद वह पहली बार यहां पहुंचे हैं। बता दें दिसंबर में पहला मामला यहीं सामने आया था। इसके बाद से 100 से ज्यादा देशों में इसके मामले सामने आ गए हैं।
चीन में सोमवार को 17 अन्य लोगों की मौत हुई। संक्रमित मरीजों की संख्या सोमवार के अंत तक 80,754 तक पहुंच गई। इसमें 3,136 लोग शामिल थे, जिनकी बीमारी से मृत्यु हो गई है। 17,721 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है और 59,897 रोगी ठीक हो गए है।
प्रधानमंत्री ली केकियांग 26 जनवरी को वहुान पहुंचे थे
सिन्हुआ के अनुसार इस यात्रा के दौरान, वह चिकित्सा कर्मचारियों, सैन्य अधिकारियों और सैनिकों, सामुदायिक कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों को आभार व्यक्त करेंगे, जो इस महामारी से लड़ रहे हैं। बता दें कि यह दूसरा मौका है जब कोई चीन का बड़ा नेता वुहान के दौरे पर गया है। इससे पहले चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग 26 जनवरी को वहुान पहुंचे थे।
दुनियाभर में 4,011 लोगों की मौत
कोरोना वायरस से दुनियाभर में 4,011 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 1,10,000 लोग संक्रमित हो गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 3,940 से अधिक नए मामले दर्ज किए हैं। चीन बाहर संक्रमित लोगों की संख्या 28,600 हो गई है। डब्ल्यूएचओ ने अपनी कोरोना वायरस बीमारी की स्थिति रिपोर्ट में कहा कि चीन के बाहर पुष्टि किए गए मामलों की संख्या 104 देशों में 3,948 मामलों का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 28,673 हो गई है। चीन के बाहर मरने वालों की संख्या 686 हो गई है।
जापान ने दक्षिण कोरिया और चीन से आने वाले लोगों पर सख्त यात्रा प्रतिबंध लगाए
जापान ने दक्षिण कोरिया और चीन से आने वाले लोगों पर सख्त यात्रा प्रतिबंध लगाए दिए हैं, जो मार्च के अंत तक चलेगा। बता दें कि दक्षिण कोरिया उन देशों में शामिल है जहां चीन के बाद कोरोना का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है।