विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन का घातक 'GJ-11' स्टील्थ ड्रोन... रडार को चकमा देने की ताकत, पहली बार लाइव और खूबियों का खुलासा

Published: Mon, 09 Nov 2026 09:32 PM (IST)

चीन के सरकारी मीडिया ने मानव रहित ड्रोन 'जीजे-11' के पहले लाइव-फायर स्ट्राइक मिशन का खुलासा किया है, जिसमें महिला ऑपरेटरों ने सफलतापूर्वक निशाना साधा।

चीन का GJ-11 स्टील्थ ड्रोन।

चीन का GJ-11 स्टील्थ ड्रोन।

HighLights

  1. जीजे-11 ड्रोन ने पहले लाइव-फायर स्ट्राइक मिशन को अंजाम दिया।

  2. महिला ड्रोन ऑपरेटरों ने सटीक निशाना लगाकर ऑपरेशन सफल किया।

  3. ड्रोन की स्टील्थ तकनीक इसे रडार की पकड़ से बचाती है।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के सरकारी मीडिया सीसीटीवी और ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के बाद से सैन्य जगत में चीन के मानव रहित ड्रोन 'जीजे-11' की चर्चा जोरों पर है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (PLAAF) ने इस स्टील्थ ड्रोन का नया फुटेज और इसके लाइव-फायर स्ट्राइक मिशन से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं।

सीसीटीवी के मुताबिक, इस ड्रोन के पहले लाइव-फायर स्ट्राइक मिशन में वायुसेना की पहली महिला ड्रोन ऑपरेटरों शी शियाओरान और फू टिंग ने अपने पहले ही प्रयास में सीधे सटीक निशाना साधा। इन दोनों ने महज पांच महीने की कड़ी ट्रेनिंग के बाद इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

क्या है GJ-11 की बनावट और स्टील्थ तकनीक?

'शुआनलोंग' कोडनेम वाले इस ड्रोन का डिजाइन बेहद खास है। यह एक 'टॉइलैस फ्लाइंग-इंग' डिजाइन पर आधारित है, जो इसे हवा में उड़ते वक्त रडार की पकड़ से बचाता है। 

ऊपरी एयर इनटेक- इसका एयर इनटेक धड़ के ऊपर की तरफ है, और इसके एग्जॉस्ट नोजल को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है ताकि यह दुश्मन के रडार की नजर में न आ सके।

रडार-एब्जॉर्बिंग कोटिंग- इस पर खास कोटिंग की गई है जो रडार तरंगों को सोख लेती है।

इंटरनल वेपन्स बे- इसमें बमों और मिसाइलों को रखने के लिए अंदर ही जगह दी गई है, जिससे हथियार बाहर से दिखाई नहीं देते और ड्रोन का 'रडार सिग्नेचर' कम रहता है।

युद्ध में कैसे होगा इस्तेमाल और इसके फायदे?

विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे अत्याधुनिक ड्रोन का इस्तेमाल उन खतरनाक और जोखिम भरे मिशनों के लिए किया जाता है, जहां दुश्मन की एयर डिफेंस प्रणाली बहुत मजबूत हो और पारंपरिक लड़ाकू विमानों व पायलटों की जान को बड़ा खतरा हो। इसके संचालक इसे मोबाइल कमांड केबिन से नियंत्रित करते हैं। यह सटीक हवाई हमले करने और दुश्मन की वायु रक्षा प्रणालियों को नष्ट करने में माहिर है।

J-20 और J-16D के साथ घातक कॉम्बिनेशन

गौरतलब है कि इस ड्रोन ने सबसे पहले 2019 की मिलिट्री परेड में सुर्खियां बटोरी थीं। नवंबर 2025 में इसके आधिकारिक तौर पर सेवा में आने की पुष्टि हुई, जब चीन की वायुसेना ने इसे अपने अत्याधुनिक J-20 स्टील्थ फाइटर जेट और J-16D इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर एयरक्राफ्ट के साथ उड़ान भरते हुए दिखाया।

ऐसे में सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि मानव और मानव-रहित विमानों का यह मेल दुश्मन के डिफेंस नेटवर्क को भेदने में बेहद ताकतवर साबित होगा। इसके अलावा, इसके नौसैनिक संस्करण यानी 'GJ-21' को भी चीन के एम्फिबियस असॉल्ट शिप के साथ देखा जा चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।