युद्ध के मैदान में ड्रोन से लेकर बड़ी तोपों तक, चीन ने पाकिस्तान के VT-4 टैंक को अपग्रेड किया
चीन ने अपने VT-4 मेन बैटल टैंक का एक उन्नत संस्करण (VT-4B) तैयार किया है, जिसमें मजबूत कवच, बेहतर सेंसर और 30mm का हथियार स्टेशन है।

चीन ने पाकिस्तान के VT-4 टैंक को अपग्रेड किया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
चीन ने VT-4 मेन बैटल टैंक का उन्नत संस्करण VT-4B तैयार किया।
नए टैंक में मजबूत कवच, बेहतर सेंसर और 30mm की तोप है।
यह ड्रोन और युद्धक्षेत्र के उभरते खतरों से निपटने में सक्षम है।
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने अपने VT-4 मेन बैटन टैंक का एक अपग्रेडेड वर्जन तैयार किया है, जो पाकिस्तान के आर्मर फ्लीट का एक अहम हिस्सा है। साउथ चाइना मॉर्निंगव पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस नए वर्जन में मदबूत आर्मर, बेहतर सेंसर और एक बड़ा वेपन स्टेशन लगाया गया है, जिसे युद्ध के मैदान में उभरते खतरों से निपटने के लिए डिजाइन किया गया है।
माना जा रहा है कि इस नए वर्जन का नाम VT-4B होगा। इसे 7 से 13 दिसंबर तक झुहाई में होने वाली 16वीं 'चीन इंटरनेशनल एविएशन एंड एयरोस्पेस एग्जीबिशन' में प्रदर्शित किए जाने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में, इस द्विवार्षिक प्रदर्शनी से पहले, अन्य सैन्य उपकरणों के साथ इस टैंक को दक्षिणी चीन के इस शहर में पहुंचते हुए देखा जा सकता है।
SCMP की रिपोर्ट के मुताबिक, ये बदलाव मौजूदा VT-4A कॉन्फिगरेशन से काफी अलग हैं, हालांकि नए टैंक में भी 'थर्ड-जनरेशन मेन बैटल टैंक' की मूल डिजाइन विशेषताएं बरकरार रखी गई हैं। VT-4 मुख्य रूप से निर्यात के लिए बनाया गया टैंक है, जो पाकिस्तान, थाईलैंड और नाइजीरिया की सेनाओं में शामिल है। यह चीन के सबसे सफल आर्मर्ड व्हीकल निर्यात में से एक है।
ड्रोन के खतरों से निपटने के लिए 30mm की तोप और मजबूत आर्मर
VT-4B में सबसे बड़ा बदलाव 30mm के रिमोट से चलने वाले वेपन स्टेशन को जोड़ना है। इसने चीन के ज्यादातर टैंकों में छत पर लगी 12.7mm की मशीन गन की जगह ली है। इस बड़ी तोप का मकसद 'लोइटरिंग म्यूनिशन' और FPV ड्रोन के साथ-साथ पैदल सेना और एंटी-टैंक टीमों के खिलाफ अधिक मारक क्षमता प्रदान करना है।
बेहतर सेंसर और युद्धक्षेत्र में कनेक्टिविटी
VT-4B के 'सिचुएशनल अवेयरनेस' उपकरणों को भी अपग्रेड किया गया है। ऐसा लगता है कि इसके कमांडर की साइट को हटाकर, उसकी जगह एक अलग इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर पॉड लगाया गया है।
चीन के आधुनिक टैंकों में लगे इसी तरह के सेंसर सिस्टम में 'ऑटोमेटेड टारगेट एक्विजिशन' और 'इमेज रिकग्निशन' जैसी खूबियां होती हैं।
हालांकि, निर्यात किए जाने वाले इस वेरिएंट में लगे उपकरणों की सटीक क्षमताओं की पुष्टि नहीं हुई है। टैंक के कम्युनिकेशन एंटेना को भी बदलकर मोटे, छड़ी के आकार वाले एंटेना लगाए गए हैं, जो हाई-बैंडविड्थ डेटा लिंक को सपोर्ट कर सकते हैं। इससे वाहनों के बीच संचार बेहतर हो सकता है और टैंक युद्धक्षेत्र में अन्य इकाइयों के साथ अधिक प्रभावी ढंग से जुड़ सकता है।
पाकिस्तान के लिए इस अपग्रेड का क्या मतलब है?
VT-4, चीन से हासिल किए गए पाकिस्तान के सैन्य उपकरणों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के 'आर्म्स ट्रांसफर डेटाबेस 2022' के अनुसार, पाकिस्तान ने 679 VT-4 टैंक खरीदने का समझौता किया था। इन टैंकों को पाकिस्तान में ही लाइसेंस के तहत असेंबल और निर्मित किया जाना था, जिन्हें 'हैदर' नाम दिया गया है।
बाद की रिपोर्टों में कहा गया कि पाकिस्तानी सेना ने इन टैंकों को शामिल कर लिया है, हालांकि इनकी ऑपरेशनल क्षमताओं का अभी परीक्षण होना बाकी है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस्लामाबाद अपग्रेडेड VT-4B वेरिएंट को हासिल करने की कोशिश करेगा या नहीं।
पाकिस्तान की थल सेना, वायु सेना और नौसेना वर्तमान में काफी हद तक चीनी हथियार प्रणालियों पर निर्भर हैं। SIPRI के अनुमानों के अनुसार, पाकिस्तान के लगभग 80% सैन्य उपकरण चीन से आते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।