Move to Jagran APP

चीन का दावा, ब्राजील से मंगाए गए चिकन में मिला कोरोना वायरस; लोगों को किया आगाह

लोगों को इसके प्रति आगाह कर दिया गया है। एक दिन पहले अनहुई प्रांत में इक्वाडोर से आयातित मछली में भी संक्रमण पाया गया था।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Thu, 13 Aug 2020 09:07 PM (IST)Updated: Thu, 13 Aug 2020 09:26 PM (IST)
चीन का दावा, ब्राजील से मंगाए गए चिकन में मिला कोरोना वायरस; लोगों को किया आगाह
चीन का दावा, ब्राजील से मंगाए गए चिकन में मिला कोरोना वायरस; लोगों को किया आगाह

बीजिंग, एजेंसियां। चीन ने दावा किया है कि ब्राजील से आयात किए गए फ्रोजन चिकन में कोरोना वायरस पाया गया है। यह मामला दो शहरों में सामने आया है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि देश के दक्षिणी शेंजेन और पश्चिमोत्तर शियान शहरों में फ्रोजन फूड की जांच के दौरान नमूनों में कोरोना पाया गया। यह खतरनाक वायरस चिकन विंग्स के नमूनों में पाया गया। लोगों को इसके प्रति आगाह कर दिया गया है। एक दिन पहले अनहुई प्रांत में इक्वाडोर से आयातित मछली में भी संक्रमण पाया गया था।

loksabha election banner

दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में इस महामारी का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस लैटिन अमेरिकी देश में फिर 55 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। इससे कोरोना पीडि़तों का कुल आंकड़ा 31 लाख 70 हजार से ज्यादा हो गया है। इनमें से एक लाख चार हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक 53 लाख 60 हजार से अधिक संक्रमित पाए जा चुके हैं। करीब एक लाख 70 हजार की जान गई है।

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 55 हजार 155 नए पॉजिटिव केस पाए गए। इस दौरान 1,175 पीडि़तों ने दम तोड़ दिया। एक दिन पहले भी करीब 55 हजार नए मामले मिले थे। जबकि 1,274 की जान गई थी। दुनिया में अमेरिका के बाद ब्राजील में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गत 11 मार्च को कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किया था। इस घातक वायरस की चपेट में आकर दुनियाभर में अब तक दो करोड़ आठ लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि मरने वालों का वैश्विक आंकड़ा सात लाख 48 हजार से अधिक हो गया है।

भूटान में पहली बार लगाया गया लॉकडाउन

भूटान में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के प्रयास में पहली बार देशव्यापी लॉकडाउन लगाया गया है। यह कदम कुवैत की यात्रा से एक महिला के लौटने से संक्रमण फैलने की आशंका में उठाया गया है। जांच में निगेटिव पाए जाने से पहले यह महिला भूटान में कई जगहों पर यात्रा की थी। सरकार ने लोगों को घरों में रहने का आदेश दिया है। सभी स्कूलों, दफ्तरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने का निर्देश भी दिया गया है। सरकार ने कहा कि यह लॉकडाउन पांच से 21 दिनों तक लागू रह सकता है। भूटान में अब तक 113 संक्रमित पाए गए। ये सभी यात्री थे। इन सभी को क्वारंटाइन में रखा गया था।

कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

ऑस्ट्रेलिया : गत 20 जुलाई के बाद पहली बार एक दिन में सबसे कम 292 नए संक्रमित पाए गए। देश में विक्टोरिया प्रांत संक्रमण का केंद्र है।

न्यूजीलैंड : देश में 17 नए मामले पाए जाने से दूसरे दौर के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। यहां मंगलवार को 102 दिनों बाद नए मामले मिले थे।

इजरायल : एक दिन में रिकॉर्ड 17 पीड़ितों की मौत से मरने वालों की संख्या 639 हो गई। अब तक कुल 88 हजार 151 संक्रमित पाए गए हैं।

पाकिस्तान : इस मुल्क में 753 नए पीड़ित पाए जाने से संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा दो लाख 86 हजार हो गया है। 6,139 पीडि़तों की जान गई है।

फलस्तीन : अधिकारियों ने साप्ताहिक लॉकडाउन को खत्म कर दिया है। कोरोना की रोकथाम के लिए वेस्ट बैंक में यह उपाय लागू था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.