चीन ने चलाई दुनिया की सबसे तेज कमर्शियल बुलेट ट्रेन, स्पीड जान उड़ जाएंगे होश
चीन के पास दुनिया में सबसे लंबे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है। यह करीब 22 हजार किमी है।
बीजिंग, एजेंसी। चीन ने वापस से बीजिंग से शंघाई के बीच हाई-स्पीड रेलवे लाइन पर दौड़ने वाली बुलेट ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 350 किमी प्रतिघंटे कर दी। इसके साथ चीन ने दुनिया की सबसे तेज रफ्तार की कमर्शियल बुलेट ट्रेन चलाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि छह साल पहले एक दुर्घटना की वजह से इन ट्रेनों की रफ्तार घटाकर 300 किमी प्रतिघंटे कर दी गई थी। जुलाई 2011 में एक हादसे में 40 लोग मारे गए थे। फुशिंग बुलेट ट्रेन ने गुरुवार सुबह 9 बजे बीजिंग के दक्षिण रेलवे स्टेशन से शंघाई के लिए यात्रा शुरू की। फिलहाल 1318 किलोमीटर लंबे इस रूट पर बुलेट ट्रेन को सफर पूरा करने में 4 घंटे 28 मिनट का वक्त लग रहा था, जो अब करीब एक घंटे कम हो जाएगा। चीन की रेलवे कंपनी ने बीते महीने ही सबसे तेज रफ्तार ट्रेन संचालित करने की घोषणा की थी।
400 किमी तक हो सकती है रफ्तार
स्थानीय मीडिया ने बताया कि फुशिंग ट्रेनों को जून में प्रदर्शित किया गया था। इनकी अधिकतम रफ्तार 400 किमी प्रतिघंटे तक हो सकती है। 27 जुलाई को सुरक्षा के लिहाज से इनका परीक्षण भी हुआ था। अब यह ट्रेन प्रतिदिन सात यात्राएं करेंगी। इन ट्रेनों को पूर्ण रूप से चीन में डिजाइन और निर्मित किया गया है।
2008 में हुई थी शुरुआत
चीन ने अगस्त 2008 में बीजिंग से तियानजिन के बीच 350 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाली पहली हाई स्पीड ट्रेन शुरू की थी, जिसके बाद उसने देशभर में तीन और ऐसी ही हाई-स्पीड लाइन शुरू की थी। हालांकि जुलाई 2011 को झेजियांग प्रांत में दो तेज रफ्तार वाली ट्रेनों की भिड़ंत के बाद रफ्तार 250 से 300 किमी प्रतिघंटे तय की गई। इस हादसे में 40 लोग मारे गए थे और 190 से अधिक घायल हो गए थे।
चीन में है सबसे लंबे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क
चीन के पास दुनिया में सबसे लंबे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है। यह करीब 22 हजार किमी है। चाइना एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग के हे हुआवू ने बताया कि चीन के करीब एक-तिहाई हाई-स्पीड रेलवे ऐसे बनाए गए हैं, ताकि ट्रेनें अधिकतम 350 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से यात्रा कर सकें।
यह भी पढ़ें: जानिए, क्यों रेल मंत्रालय ने लिया 202 सेटेलाइट फोन खरीदने का निर्णय