चीन ने किया कोरोना पर अंकुश का दावा, वुहान में 11 अस्थायी अस्पताल किए बंद, दक्षिण कोरिया में भी कमी
बीते तीन महीने से कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहे चीन ने नए मामलों में कमी का दावा किया है। दक्षिण कोरिया ने भी कहा है कि मामलों में कमी आई है।
बीजिंग, एजेंसियां। पिछले करीब तीन माह से खतरनाक कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहे चीन ने नए मामलों में कमी का दावा किया है। वुहान को छोड़ बाकी देश में पिछले दो दिन में कोई नया मामला सामने नहीं आया। वुहान में रोगियों के उपचार के लिए बनाए गए 11 अस्थायी अस्पताल भी बंद कर दिए गए हैं। चीन के बाद कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित दक्षिण कोरिया में भी नए मामलों में कमी की खबर है। वुहान से फैला कोरोना अब 100 से ज्यादा देशों में पहुंच चुका है। पूरी दुनिया में संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख दस हजार के पार हो गई है।
दक्षिण कोरिया में कम हुए मामले
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने सोमवार को कहा कि 40 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 36 वुहान में पाए गए। जबकि चार मामले गांसू प्रांत में मिले। चारों लोग ईरान से लौटे हैं। इस बीच सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने आगाह किया है कि निगरानी और रोकथाम को बनाए रखने की जरूरत है। दक्षिण कोरिया में रविवार को 248 नए मामले पाए गए। पिछले दो हफ्ते में यह सबसे कम आंकड़ा है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन ने कहा, 'गिरावट की यह दर जारी रहनी चाहिए।'
100 वर्षीय पीडि़त कोरोना से उबरा
चीन में 100 वर्ष का एक बुजुर्ग कोरोना वायरस से पूरी तरह उबर गया। उन्हें गत 24 फरवरी को हुबेई प्रांत के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पहले से ही अल्जाइमर के साथ उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीडि़त हैं।
यूरोप में खाली उड़ रहे विमान
यूरोप में कई एयरलाइंस बगैर यात्री के उड़ान संचालित कर रही हैं। इन उड़ानों पर हजारों गैलन ईधन फूंका जा रहा है। ऐसा आवंटित फ्लाइट संचालन संख्या में कटौती से बचने के लिए किया जा रहा है। कोरोना के डर से यूरोप समेत पूरी दुनिया में उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
बाकी दुनिया में क्या हैं हालात
- थाइलैंड और मलेशिया के इन्कार के बाद सिंगापुर ने कोस्टा फोर्टुना क्रूज को अपने तट पर रुकने की इजाजत दी है, क्रूज पर करीब दो हजार लोग सवार हैं
-जर्मनी में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 1,112 हो गया है। सरकार ने एक हजार से ज्यादा भीड़ वाले कार्यक्रमों को रद करने की अपील की है
-उत्तर पूर्वी यूरोपीय देश अल्बानिया में पहले दो मामलों की पुष्टि हुई
-पेरिस एयरपोर्ट के प्रमुख आगस्टिन डी रोमेनेट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, यूरोप में इटली के बाद फ्रांस सबसे ज्यादा प्रभावित है
सबसे प्रभावित देश
देश - संक्रमित - मौत
चीन - 80,535 - 3119
दक्षिण कोरिया - 7382 - 50
ईरान - 6566 - 194
इटली - 7375 - 366
जापान - 1190 - 14
अमेरिका - 538 - 22
फ्रांस - 1209 - 19
सऊदी ने कातिफ प्रांत में बंद की आवाजाही, न्यूयॉर्क में स्कूल-कॉलेज बंद
सऊदी अरब ने संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए तेल उत्पादक कातिफ प्रांत में आवाजाही बंद कर दी है। इस प्रांत में 15 मामले सामने आए हैं। पाबंदी के एलान से शिया बहुल कातिफ के लोगों में नाराजगी की आशंका जताई जा रही है। मुल्क के सभी स्कूल और कॉलेज पहले ही बंद कर दिए गए हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में कोरोना संक्रमण के सौ से ज्यादा मामले मिलने के बाद स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी भी दो दिन के लिए बंद कर दी गई।