चीन ने स्कूलों में खेल आयोजनों और सभाओं पर प्रतिबंध लगाया, एक दिन में 108 नए मामले
चीन ने स्कूलों में खेल आयोजनों और सभाओं पर फिर से प्रतिबंध लगा दिया है। चीन में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 108 नए मामले सामने आए।
बीजिंग, पीटीआइ। कोरोना वायरस मामलों को देखते हुए चीन के शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए स्कूल परिसरों में प्रमुख खेल आयोजनों और बड़ी सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने सोमवार को बताया कि मंत्रालय द्वारा जारी एक दिशा-निर्देश के अनुसार एकल खेल स्पर्धाओं सहित प्रमुख खेल अयोजनों को निलंबित कर दिया गया है।
गाइडलाइन में स्कूलों को स्थानीय महामारी की रोकथाम और नियंत्रण आवश्यकताओं के अनुसार, छात्रों की शारीरिक शिक्षा, खेल प्रशिक्षण और व्यायाम गतिविधियों के समायोजन के लिए कहा गया है।पूर्वी चीनी प्रांत झेजियांग ने सोमवार को स्कूलों को आंशिक रूप से फिर से खोल दिया। इससे जूनियर और सीनियर हाई स्कूलों के 9,77,000 छात्र क्लास रूम में लौट आए। छात्र मास्क पहने हुए थे। स्कूल के अंदर प्रवेश से पहले उनके शरीर का तापमान लिया गया।
उल्लेखनीय है कि चीन में फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। पिछले चौबीस घंटों के दौरान 108 नए मामले सामने आए। इनमें 98 विदेश से आए लोग हैं। देश में इससे पहले छह मार्च को संक्रमण के सबसे ज्यादा 143 मामलों का पता चला था। एक दिन पहले भी 99 मामले सामने आए थे। इस बीच, महामारी से सर्वाधिक प्रभावित हुबेई प्रांत में दो और लोगों की मौत के बाद देश में मृतकों की संख्या 3,341 हो गई।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की मानें तो विदेश से संक्रमण लेकर आए लोगों की कुल संख्या 1,378 हो गई है। जबकि स्थानीय संक्रमण के दस मामलों में से सात हेइलोंगजियांग प्रांत और तीन गुआंगदोंग प्रांत के हैं। नए मामले सामने आने के बाद चीन में अब संक्रमित लोगों की संख्या 82,160 हो गई है। रूस की सीमा से हेइलोंगजियांग प्रांत में प्रवेश करने वाले लोगों में विशेष तौर पर संक्रमण देखा जा रहा है। यही वजह है कि प्रदेश में पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं।